Vaishali Tobacco Trader Robbery : (दिलीप कुमार) वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र में एक तंबाकू व्यवसायी ने मारपीट कर 5.75 लाख रुपये छीन लेने का आरोप लगाया है. घायल व्यवसायी ने थाना में लिखित शिकायत देकर दो नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
किसानों को भुगतान करने जा रहा था व्यवसायी
महुआ थाना क्षेत्र के फतहपुर पकड़ी पंचायत अंतर्गत चांदसराय गांव निवासी रामवतार सिंह के पुत्र एवं तंबाकू व्यवसायी नागेंद्र कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि बुधवार शाम करीब चार बजे वह किसानों को भुगतान करने के लिए 5 लाख 75 हजार रुपये लेकर गोरौल थाना क्षेत्र के पिरोई गांव जा रहे थे.
Vaishali News : घात लगाकर बैठे लोगों ने किया हमला
पीड़ित के अनुसार रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उनके पास मौजूद 5.75 लाख रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए.
Hajipur News : अस्पताल में इलाज के बाद थाने पहुंचा पीड़ित
घटना में घायल नागेंद्र कुमार को स्थानीय लोगों की मदद से अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई. इसके बाद वह अपने भतीजे अमरजीत कुमार के साथ महुआ थाना पहुंचे और दो नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित आवेदन दिया.
पुलिस बोली- छिनतई के आरोप की हो रही जांच
महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया कि मारपीट की घटना की सूचना मिली है. पीड़ित द्वारा लगाए गए रुपये छीनने के आरोप की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति पर आरोप लगाया गया है, उसके साथ पीड़ित का पहले से विवाद भी चल रहा है. सभी बिंदुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
