Gopalganj Waterlogging News: (राकेश कुमार) गोपालगंज जिले के फुलवरिया प्रखंड स्थित बथुआ बाजार की सबसे महत्वपूर्ण भागीपट्टी–समउर–मीरगंज मुख्य सड़क इन दिनों जलजमाव के कारण लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है. सड़क पर महीनों से जमा गंदा पानी और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यापारियों को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
सड़क नहीं, तालाब जैसा नजारा
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लगातार जलजमाव रहने से इसकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया है. गड्ढे पानी में छिपे रहने के कारण आए दिन बाइक और साइकिल सवार दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. कई घायलों को स्थानीय लोगों और व्यापारियों की मदद से अस्पताल पहुंचाना पड़ा है.

उत्तर प्रदेश तक के व्यापारी होते हैं प्रभावित
बथुआ बाजार गोपालगंज के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में शामिल है. यहां उत्तर प्रदेश के कुशीनगर, देवरिया तथा बिहार के सिवान, मैरवा सहित आसपास के कई इलाकों से व्यापारी प्रतिदिन पहुंचते हैं. व्यापारियों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति से बाजार की छवि प्रभावित हो रही है और जलजमाव के कारण संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है.
कई बार शिकायत, लेकिन समाधान नहीं
व्यवसायियों का आरोप है कि जलनिकासी और सड़क मरम्मत की मांग को लेकर कई बार प्रदर्शन किया गया तथा प्रशासन को लिखित और मौखिक शिकायतें भी दी गईं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका.
व्यवसायी चंदन जायसवाल, टुनटुन जायसवाल, मुस्तकीम अंसारी, साजिद अंसारी, कृष्ण कुमार, राजकुमार और सूरज गुप्ता सहित अन्य लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा.

जिले के अन्य प्रखंडों में भी सड़क और जलजमाव बड़ी समस्या
फुलवरिया ही नहीं, गोपालगंज जिले के हथुआ, भोरे, कटेया, कुचायकोट, बैकुंठपुर, सिधवलिया, बरौली, मांझागढ़, थावे, गोपालपुर, उचकागांव, पंचदेवरी और विजयीपुर सहित कई प्रखंडों में भी बरसात के दौरान सड़क टूटने और जलजमाव की शिकायतें सामने आती रही हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में खराब सड़कें, अधूरी नालियां और जलनिकासी की समस्या लोगों के लिए लगातार चुनौती बनी हुई हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात शुरू होने के साथ ही कई ग्रामीण सड़कों की हालत और खराब हो जाती है, जिससे आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यापार पर सीधा असर पड़ता है.
प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों और व्यापारियों ने जिला प्रशासन से बथुआ बाजार की सड़क की मरम्मत, स्थायी जलनिकासी व्यवस्था और अन्य जर्जर सड़कों के सर्वेक्षण की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके.
इसे भी पढ़ें: बिहार में ‘फ्री’ की बीयर! हाजीपुर में ट्रक-पिकअप की टक्कर के बाद मची लूट, बोतलें बटोरने लगे लोग
