गोपालगंज से मनीष राज की रिपोर्ट
Gopalganj Snake Bite News: गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के नवादा प्रसवनी गांव में कोबरा सांप के काटने से 35 वर्षीय महिला निखहत परवीन की दर्दनाक मौत हो गई. मृतका मूल रूप से सिवान जिले के हसनपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और इन दिनों अपने मायके आई हुई थी.
बताया जाता है कि रविवार को वह घर के बाहर टहल रही थी. इसी दौरान अचानक एक कोबरा सांप ने उसके पैर में काट लिया. सांप के डसते ही उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और वह अचेत हो गई.
10 एंटी वेनम इंजेक्शन के बाद भी नहीं बच सकी जान
घटना के बाद परिजनों ने निखहत परवीन को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने एंटी वेनम के 10 इंजेक्शन लगाए, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ.

सदर अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू, इलाके में दहशत
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी. वहीं, इस घटना के बाद आसपास के इलाके में सांप के काटने की घटना को लेकर दहशत का माहौल है.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज: नशे के लिए पत्नी से मांगा पैसा, नहीं मिलने पर अपना ही गला चाकू से रेत लिया
