गोपालगंज के माझा से मनीष राज और अखिल कुमार की रिपोर्ट
Gopalganj Mango Dispute: थाना क्षेत्र के लोहखरा गांव में बगीचे से आम तोड़ने का विरोध करने पर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट में एक ही पक्ष के छह लोग घायल हो गए. घायलों में दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों का इलाज गोपालगंज के सदर अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल कायम हो गया है.
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. जानकारी के अनुसार लोहखरा गांव निवासी स्वर्गीय बिगु साह के परिवार ने करीब एक लाख रुपये में 80 आम के पेड़ खरीदे थे. आरोप है कि उसी बगीचे में कुछ अन्य लोगों ने भी पेड़ खरीदे थे. रविवार को आरोपित पक्ष अपने पेड़ों के बजाय पीड़ित परिवार के पेड़ों से आम तोड़ने लगा. इसकी जानकारी मिलने पर पीड़ित परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया. विरोध करते ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
लाठी-डंडे और टांगी से किया हमला
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए. आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडे और टांगी से हमला कर दिया गया. हमले में एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में शिला देवी (50), उनका पुत्र दीपक साह (30), दीपक साह की पत्नी संध्या देवी, मुकेश साह (28), उसकी पत्नी सीता देवी तथा पुत्री रेखा कुमारी शामिल हैं. मारपीट के दौरान सभी घायल गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया गया.

दो घायलों की स्थिति बेहद गंभीर
अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सकों के अनुसार दो घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है. आवश्यकता पड़ने पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें उच्चतर चिकित्सा केंद्र रेफर किया जा सकता है. घटना की सूचना मिलने के बाद मांझा थाना पुलिस सक्रिय हो गई. पुलिस सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों एवं उनके परिजनों का बयान दर्ज कर रही है.
आरोपियों पर कार्रवाई की तैयारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है.
Also Read: गोपालगंज के मानस प्रभु बने ऑल इंडिया टॉपर, NIPER-JEE में हासिल किया पहला स्थान
