फुलवरिया. शुद्ध हवा और हरित वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में फुलवरिया प्रखंड में मनरेगा के तहत सराहनीय पहल की गयी है. प्रखंड की सभी 12 पंचायतों में लगाये गये 25 हजार 200 हरे पत्तेदार एवं फलदार पौधों के संरक्षण को लेकर ठोस कदम उठाये गये हैं. पौधों की नियमित सिंचाई और बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रखंड स्तर पर वन पोषकों के बीच 30 चापाकलों का वितरण किया गया. चापाकल वितरण कार्यक्रम का आयोजन मनरेगा प्रखंड को-ऑर्डिनेटर वाल्मीकि गुप्ता के नेतृत्व में किया गया. इस मौके पर मनरेगा पदाधिकारी शंभुनाथ सुधाकर, पीटीए रजनीश कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे. कार्यक्रम में सभी बारह पंचायतों के वन पोषक शामिल हुए. चापाकल के साथ पाइप, हैंडल समेत आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध करायी गयी, ताकि सिंचाई में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो. प्रखंड को-ऑर्डिनेटर वाल्मीकि गुप्ता ने बताया कि मनरेगा के अंतर्गत कुल 126 चापाकल का वितरण प्रस्तावित था, जिनमें से 96 पूर्व में वितरित किये जा चुके थे. शेष 30 चापाकल का वितरण गुरुवार को पूरा कर लिया गया. उन्होंने कहा कि नियमित सिंचाई और संरक्षण से फुलवरिया प्रखंड हरियाली की मिसाल बनेगा.