आग लगने से टोटो समेत तीन दुकानें जलकर राख

आग लगने से टोटो समेत तीन दुकानें जलकर राख

By ROHIT KUMAR SINGH | March 18, 2026 6:07 PM

प्रतिनिधि, मोहड़ा. मोहड़ा प्रखंड के सेवतर बाजार में मंगलवार की देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया. रात करीब 11 बजे लगी आग में कई दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गयीं. जानकारी के अनुसार, दुकानदार मनीष कुमार की सब्जी दुकान के साथ उनका टोटो भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गया. शंकर यादव की सब्जी दुकान और पंकज सिंह की पान दुकान भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गयी. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों, समाजसेवियों और चौकीदार की मदद से अग्निशमन वाहन को बुलाया गया. काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकानों में रखा सारा सामान जल चुका था. राहत की बात यह रही कि आसपास की अन्य दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया. मोहड़ा के बीडीओ सह प्रभारी सीओ मुकेश कुमार यादव ने बताया कि आग लगने की सूचना प्राप्त हुई है. इस प्रशिक्षण पर गये सीओ राकेश रंजन ने कहा कि दुकान में आग लगने की स्थिति में किसी प्रकार की आपदा राहत राशि का प्रावधान नहीं है.