टोल टैक्स और होल्डिंग टैक्स के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, सीएम के प्रति जताया विरोध

Gaya ji News : जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर 8 से 12 जुलाई तक धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

By NIRAJ KUMAR | July 6, 2026 7:26 PM

Gaya ji News : राज्यस्तरीय सड़कों पर टोल टैक्स तथा ग्रामीण क्षेत्रों में होल्डिंग टैक्स लगाए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को टावर चौक पर प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रस्तावित कर व्यवस्था को वापस लेने की मांग की.

नए टैक्स लगाने पर जताया विरोध

प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नई कर व्यवस्था से पहले से महंगाई की मार झेल रही आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा. उनका आरोप था कि राज्य की जनता पहले ही विभिन्न प्रकार के करों का भुगतान कर रही है, ऐसे में नए टैक्स लगाने का निर्णय जनहित में नहीं है.

8 से 12 जुलाई तक प्रखंड मुख्यालय में होगा प्रदर्शन

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक सरकार इस निर्णय को वापस नहीं लेती, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि आगामी चरण में जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर 8 से 12 जुलाई तक धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

प्रदर्शन में ये रहे मौजूद

प्रदर्शन में विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक खान अली, दामोदर गोस्वामी, राम प्रमोद सिंह, युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, प्रदीप शर्मा, टिंकू गिरी, शिव कुमार चौरसिया, सुनील कुमार पासवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे.