भुरहा नदी से जलभरी कर निकली कलश शोभायात्रा, सिमारू में हनुमान मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू

Gaya ji News : श्रद्धालु जय श्रीराम और हनुमान जी के जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचे. कलशयात्रा के समापन के बाद वैदिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान शुरू हुआ.

By PRAMOD KUMAR VERMA GURUA | July 6, 2026 4:24 PM

Gaya ji News : प्रखंड के सिमारू गांव स्थित नव-निर्मित हनुमान मंदिर में सोमवार को प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलशयात्रा के साथ हुआ. श्रद्धालुओं ने भुरहा नदी से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलभरी कर कलशयात्रा निकाली और मंदिर परिसर पहुंचे. पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा.

जय श्रीराम व हनुमान जी के जयकारे से गूंजा इलाका

कलशयात्रा में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया. महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर गांव का भ्रमण किया, जबकि श्रद्धालु जय श्रीराम और हनुमान जी के जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचे. कलशयात्रा के समापन के बाद वैदिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान शुरू हुआ.

बड़ी संख्या में श्रद्धालु हो रहे शामिल

मंदिर परिसर में 24 घंटे का अखंड कीर्तन भी आरंभ हो गया है, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं. पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं.

ग्रामीणों का मिल रहा सराहनीय सहयोग

आयोजन समिति के सदस्य एवं सरपंच संघ के अध्यक्ष संजय कुमार तथा मुखिया सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है.

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुखिया सुनील कुमार वर्मा, सरपंच संघ के अध्यक्ष संजय कुमार, पैक्स अध्यक्ष नरेंद्र कुमार दांगी, कुनाल कुमार, अनिल कुमार, राकेश रंजन, राकेश कुमार, लक्ष्मी सिंह, दीपक कुमार, राजू कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे.

Also Read : गया जी नगर प्रखंड में 2 करोड़ की विकास योजनाओं को मिली मंजूरी, ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं होंगी मजबूत