गया जी आरपीएफ की कार्रवाई, अवैध रेल टिकट कारोबार में संलिप्त युवक गिरफ्तार

Gaya ji News : दो तत्कल टिकट बरामद. आरपीएफ के अनुसार, पहला टिकट पटना से लोकमान्य तिलक टर्मिनस और दूसरा दानापुर से नेल्लोर का था.

By Rajeev Kumar | June 16, 2026 11:37 AM

गया जी से रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट
Gaya ji News : आरपीएफ ने ऑपरेशन उपलब्ध” के तहत कार्रवाई करते हुए रेल टिकटों के अवैध कारोबार में संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान अरवल जिला के कलेर थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद गुलफान के रूप में की गई है.

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह के निर्देश पर आरपीएफ इंस्पेक्टर के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान गया जंक्शन स्थित टिकट काउंटर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया, जिसे रोककर पूछताछ की गई.

दो तत्काल रेल टिकट बरामद

तलाशी के दौरान उसके पास से दो तत्काल रेल टिकट बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 5,415 रुपये बताई जा रही है. आरपीएफ के अनुसार, पहला टिकट पटना से लोकमान्य तिलक टर्मिनस और दूसरा दानापुर से नेल्लोर का था. दोनों टिकटों की यात्रा तिथि 16 जून 2026 दर्ज है.

गिरफ्तार युवक ने किया गुनाह कबूल

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह जरूरतमंद यात्रियों से टिकट बुक कराने का ऑर्डर लेकर प्रत्येक टिकट पर लगभग 1,000 रुपये अतिरिक्त शुल्क वसूल कर अवैध रूप से बिक्री करता था. वह गया शहर में रहकर यह कारोबार संचालित कर रहा था.

युवक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही

इस मामले में आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर विकास कुमार की शिकायत पर आरपीएफ पोस्ट गया में कांड संख्या 1876/2026 दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें गया में स्वर्ण व्यवसायी से लूटपाट मामले में हाफ एनकाउंटर, दो अपराधियों के पैर में लगी गोली