गया में तेज आंधी बारिश से भारी तबाही, पेड़ों की टहनियां-बिजली के तार टूटे, वज्रपात में एक की मौत

Gaya Weather: जिले में शुक्रवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट लेते हुए शहर और ग्रामीण इलाकों में भारी तबाही मचा दी. सुबह करीब 6:30 बजे आसमान में काले बादल छा गए. तेज गरज, बिजली चमकने और आंधी के बाद मूसलाधार बारिश शुरू हो गई.

By Sakshi kumari | May 29, 2026 9:51 AM

Gaya Weather: (गया से कंचन कुमार सिन्हा की रिपोर्ट)

जिले में शुक्रवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट लेते हुए शहर और ग्रामीण इलाकों में भारी तबाही मचा दी. सुबह करीब 6:30 बजे आसमान में काले बादल छा गए. तेज गरज, बिजली चमकने और आंधी के बाद मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवा ने कई जगहों पर नुकसान पहुंचाया.

जड़ से उखड़ गए पुराने पेड़

आंधी इतनी तेज थी कि कई घरों के एस्बेस्टस और फूस के छप्पर उड़ गए. जगह-जगह पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़क पर गिर गईं, जबकि कई पुराने पेड़ जड़ से उखड़ गए. कई इलाकों में बिजली के तार टूटकर गिर पड़े, जिससे खतरे की स्थिति बन गई. एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे बड़ी दुर्घटनाएं टल गईं.

वज्रपात ने ली एक की जान

आंधी और बारिश के बीच वज्रपात की घटना भी सामने आई. डुमरिया इलाके में वज्रपात की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

डेढ़ घंटे तक थम गई शहर की रफ्तार

मूसलाधार बारिश और तेज हवा के कारण करीब डेढ़ घंटे तक शहर की रफ्तार थम गई. सड़कों पर आवाजाही लगभग बंद रही और इक्के-दुक्के वाहन ही चलते दिखाई दिए. लोग घरों और दुकानों में दुबके रहे.

बारिश ने खोली नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल

करीब 42 मिलीमीटर बारिश के बाद शहर की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई. रामसागर रोड, शहीद रोड, नाला रोड समेत कई प्रमुख सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई. यहां तक कि नगर निगम के मुख्य कार्यालय परिसर में भी पानी भर गया. केदारनाथ मार्केट और केपी रोड इलाके की हालत और खराब हो गई, जहां सड़कें कीचड़ और पानी से लबालब भर गईं.

फुटपाथी दुकानदारों की बढ़ी मुश्किलें

बारिश के बाद फुटपाथ पर फल और सब्जी बेचने वाले दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई. कीचड़ और जलजमाव के कारण लोग सड़क किनारे दुकान नहीं लगा सके. कई जगहों पर व्यापार पूरी तरह प्रभावित रहा.

ग्रामीण इलाकों में भी भारी नुकसान

शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी आंधी और बारिश ने काफी नुकसान पहुंचाया है. कई गांवों में पेड़ गिरने और बिजली तार टूटने की सूचना मिली है. लोग पूरे दिन मौसम के बदले मिजाज और हुई तबाही की चर्चा करते रहे.

Also Read: गया के डुमरिया में दंपती पर गिरा ठनका, पति की मौत, पत्नी की हालत नाजुक