फतेहपुर से अरविंद कुमार सिंह की रिपोर्ट
Gaya Ji News : फतेहपुर थाना क्षेत्र के बगोदर गांव के समीप ढाढर नदी से बुधवार की शाम लगभग 45 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक का शव नदी के किनारे बालू से ढंका हुआ था. तेज हवा या अन्य कारणों से बालू हटने के बाद स्थानीय ग्रामीणों की नजर अचानक शव पर पड़ी, जिसके बाद देखते ही देखते आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई. इस संवेदनशील घटना की सूचना तत्काल स्थानीय फतेहपुर थाना पुलिस को दी गई.
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार, सब इंस्पेक्टर (SI) सोनू कुमार, सचित कुमार, संदीप कुमार और असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) मनोज कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन जांच शुरू की. पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की.
चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है शव
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शव को नदी किनारे करीब एक फीट गहरे गड्ढे में बालू के अंदर दबाया गया था. मृतक का एक हाथ और सिर का कुछ भाग बालू से बाहर आ गया था, जिस पर ग्रामीणों की नजर पड़ी. प्रथम दृष्टया शव की स्थिति को देखकर यह पूरी तरह प्रतीत होता है कि व्यक्ति की मौत करीब चार से पांच दिन पहले हो चुकी है.
गर्दन पर दिखे लाल निशान
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के गर्दन पर लाल रंग के निशान दिखाई दे रहे हैं, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं. हालांकि, व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह थी, इसका वास्तविक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
शिनाख्त कराने का प्रयास रहा विफल
पुलिस प्रशासन के अनुसार, मृतक व्यक्ति की अब तक पहचान नहीं हो सकी है. घटना के बाद आसपास के विभिन्न गांवों के लोगों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराने का हर संभव प्रयास किया गया, लेकिन फिलहाल पुलिस को इसमें सफलता नहीं मिली है.
पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेजा गया शव
बुधवार की देर शाम पंचनामा की कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का स्पष्ट कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और मामले की तकनीकी जांच के आधार पर आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तहकीकात में जुटी हुई है.
