झारखंड में सड़क हादसे में गया जी के ट्रक चालक की मौत, 4 माह के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

Gaya Ji News : गया जी के इमामगंज निवासी ट्रक चालक साहेब खान की झारखंड के धनबाद में सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसे में ट्रक का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक अपने पीछे पत्नी और 4 माह के बेटे को छोड़ गए हैं.

By Suryakant Kumar | June 27, 2026 3:37 PM

इमामगंज से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट
Gaya Ji News :
गया जी जिले के इमामगंज (विधिचक गांव) के रहने वाले ट्रक ड्राइवर साहेब खान की शनिवार सुबह झारखंड के तोपचांची में एक सड़क हादसे में मौत हो गई. यह हादसा सुबह करीब तीन बजे हुआ, जब वे पश्चिम बंगाल से ट्रक में छड़ (लोहा) लादकर वापस लौट रहे थे.

अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक

मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल से लौटते समय तोपचांची थाना क्षेत्र में उनका ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में ट्रक चालक साहेब खान की मौके पर ही मौत हो गई. इस भीषण घटना में ट्रक के खलासी शब्बीर भी गंभीर रूप से घायल हो गए.

Also Read : गया जी के 49 सरकारी स्कूलों की बदलेगी तस्वीर, बनेंगे नए भवन, शिक्षा विभाग ने मांगे जमीन के दस्तावेज

सीने में घुसी लोहे की रॉड

उनके सीने में लोहे की रॉड घुसने और शरीर के कई हिस्सों में गहरी चोट लगने की बात सामने आई है. खलासी शब्बीर का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

तोपचांची थानाध्यक्ष रूपेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उन्होंने बताया कि पीड़ित परिजनों के धनबाद पहुंचने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा.

Also Read : बोधगया का बदलेगा रूप : महाबोधि कॉरिडोर और सैटेलाइट टाउनशिप के लिए विश्व बैंक की टीम ने किया सर्वे

हादसे की खबर मिलते ही इमामगंज के विधिचक गांव में पूरी तरह मातम पसर गया है और परिजन धनबाद के लिए रवाना हो गए हैं.

मासूम के सिर से उठा साया

परिजनों ने रोते-बिलखते हुए बताया कि मृतक साहेब खान की शादी दो वर्ष पहले ही हुई थी. उनके परिवार में पत्नी और महज चार महीने का एक छोटा बेटा है. इस हादसे से चार माह के मासूम बेटे के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया है.

उनकी इस असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. स्थानीय ग्रामीणों ने साहेब खान को बेहद मेहनती और मिलनसार बताते हुए अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी है.

Also Read : गया जी के 1398 शिक्षकों के लिए अल्टीमेटम, 24 घंटे में जानकारी अपडेट करें वरना नहीं मिलेगा वेतन