Gaya Ji News : केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री और गया के सांसद जीतन राम मांझी ने पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को अपने संसदीय क्षेत्र गयाजी की रेल समस्याओं और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण 15 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है. उन्होंने आगामी मंडल समिति की बैठक के मद्देनजर इन मुद्दों को प्रमुख एजेंडे में शामिल करने का अनुरोध किया है.
नई ट्रेनों के टहराव की मांग
इस पत्र में मुख्य रूप से पैसेंजर ट्रेनों के किराए में कमी करने, बंद ट्रेनों को फिर से शुरू करने और महत्वपूर्ण स्टेशनों पर नई ट्रेनों का ठहराव देने की मांग की गई है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रेलवे विकास का काम जल्द से जल्द पूरा करे, ताकि रेल यात्रियों को सफर करने में परेशानियों का सामना न करना पड़े.
बिना टिकट यात्रियों पर रोक
वहीं दूसरी तरफ, पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस में बिना टिकट या अनधिकृत रूप से चढ़ने वाले यात्रियों पर कड़ाई से रोक लगाने के लिए लगातार टिकट जांच अभियान चलाने की बात कही गई है. सांसद जीतन राम मांझी ने उम्मीद जताई है कि इन मांगों के पूरा होने से गया, नवादा, नालंदा समेत पड़ोसी राज्यों के हजारों दैनिक रेल यात्रियों (डेली पैसेंजर्स) को बहुत बड़ी राहत मिलेगी.
प्रमुख मांगें और एजेंडे:
- किराए में कटौती: कोरोना काल में स्पेशल बनाकर चलाई गईं पैसेंजर ट्रेनों में अभी भी एक्सप्रेस का किराया वसूला जा रहा है, जिसे तुरंत बंद कर सामान्य पैसेंजर किराया लागू किया जाए.
- बंद ट्रेनों का परिचालन: गया से पटना के बीच रात में चलने वाली मेमू (MEMU) ट्रेन को दोबारा शुरू किया जाए, जो कोरोना काल के समय से ही बंद पड़ी है.
- नया ठहराव: वैशाली मेमू फास्ट पैसेंजर ट्रेन (गाड़ी संख्या 63384) का पहाड़पुर और टनकुप्पा स्टेशनों पर ठहराव सुनिश्चित किया जाए.
- रूट विस्तार: दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (13233), जो अभी बंधुआ से वापस कट जाती है, उसे गया जंक्शन तक लाया जाए और टनकुप्पा स्टेशन पर भी इसका ठहराव दिया जाए.
यात्री सुविधाएं और इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास:
- पटना-गया रेलखंड के बेलागंज प्रखंड के ग्राम रिसौंध स्थित पिलर संख्या 80/11-13 पर पूर्व से स्वीकृत फुट ओवर ब्रिज (FOB) का निर्माण कार्य तुरंत शुरू कराया जाए.
- मानपुर प्रखंड के ग्राम गेरे में ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (EDFC) के तहत स्थानीय लोगों के लिए पर्याप्त अंडरपास (भूमिगत मार्ग) का निर्माण किया जाए.
- गया-चाकंद स्टेशन के बीच रेल क्रॉसिंग पर आरओबी (ROB) का निर्माण हो और गया जंक्शन के समीप लोको रेल फाटक पर अंडरपास सड़क की सुविधा बहाल की जाए.
- चाकंद, बेला और गया-नवादा सेक्शन के स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में व्यापक सुधार किया जाए और गया-किऊल रेल सेक्शन की ट्रेनों में साफ-सफाई की व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए.
Also Read : गया जी होकर चलेंगी दो नई स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत: देखें ट्रेनों का पूरा रूट और शेड्यूल
