गया की दवा दुकानें आज रहेंगी बंद, ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ केमिस्टों का बड़ा फैसला
ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में गया जिला केमिस्ट एंड ड्रजिस्ट एसोसिएशन ने 20 मई को जिलेभर की दवा दुकानों को बंद रखने का फैसला लिया है. हालांकि अस्पताल और नर्सिंग होम परिसर की मेडिकल दुकानें खुली रहेंगी, ताकि मरीजों को जरूरी दवाएं मिलती रहें.
Gaya Chemists Protest: जिला केमिस्ट एंड ड्रजिस्ट एसोसिएशन ने ऑनलाइन दवा मार्केटिंग पर रोक समेत विभिन्न मांगों को लेकर 20 मई को जिले की सभी दवा दुकानों को बंद रखने का निर्णय लिया है. यह बंद ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रजिस्ट के आह्वान पर किया जा रहा है, जिसके तहत देशभर में दवा व्यवसायी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.
गया में सभी मेडिकल स्टोर रहेंगे बंद
संगठन के सचिव रणजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि गया जिले की सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी. हालांकि, जरूरतमंद मरीजों को परेशानी न हो इसके लिए गया स्थित फतेहबहादुर शिवाला रोड की दवा मंडी में सभी स्टॉकिस्ट मौजूद रहेंगे. यहां से आवश्यक दवाएं उपलब्ध करायी जाएंगी.
अस्पताल और नर्सिंग होम को बंदी से मिली राहत
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर के अस्पतालों तथा नर्सिंग होम को इस बंद से अलग रखा गया है. अस्पताल परिसर और नर्सिंग होम के अंदर संचालित दवा दुकानें खुली रहेंगी, ताकि मरीजों को इलाज और दवा मिलने में किसी तरह की परेशानी न हो.
आपातकालीन दवाओं के लिए विशेष व्यवस्था
आपात स्थिति से निपटने के लिए संगठन की ओर से विभिन्न स्थानों पर स्थानीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. ये पदाधिकारी अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगे.
Also Read: गया में आज: शहर में आज का कार्यक्रम, ओपीडी में कौन होंगे डॉक्टर, जानिए एक क्लिक में
