गया में डॉक्टर से रंगदारी मांगी, कहा…बहुत खून बहाया है, पैसे दो वरना अंजाम बुरा होगा

शहर के पॉश इलाके एपी कॉलोनी स्थित देविका डेंटल क्लिनिक के डायरेक्टर डॉ रुम्मान हम्मादी से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है.

By PRANJAL PANDEY | February 10, 2026 10:47 PM

गया जी. शहर के पॉश इलाके एपी कॉलोनी स्थित देविका डेंटल क्लिनिक के डायरेक्टर डॉ रुम्मान हम्मादी से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. अपराधियों ने फोन कर न केवल पैसे की मांग की, बल्कि अंजाम भुगतने की धमकी भी दी. इस घटना के बाद से चिकित्सक और उनका परिवार दहशत में है. डॉ हम्मादी, जो शहर के नगमतिया कॉलोनी (रोड नंबर 4बी) के निवासी हैं और जिला स्कूल के रिटायर्ड प्राचार्य मो शमशीर खान के पुत्र हैं, ने मंगलवार को इस घटना की जानकारी दी. डॉ हम्मादी ने बताया कि आठ फरवरी की दोपहर करीब 01:14 बजे उनके क्लिनिक के मोबाइल नंबर पर एक कॉल आया. फोन करने वाले शख्स ने धमकी भरे लहजे में उनसे रंगदारी की मांग की. कॉलर ने कहा, मुझे बहुत लोग जानते हैं, मैंने बहुत खून बहाया है. जब डॉक्टर ने पैसे देने से इनकार किया, तो अपराधी ने धमकी देते हुए कहा कि वह अपने आदमियों को भेजकर एक्शन कराएगा. घबराए डॉक्टर ने तुरंत इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी और रामपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी. रामपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस के वरीय अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिस नंबर से रंगदारी मांगी गयी, वह नयी दिल्ली का है. पुलिस सूत्र बताते हैं कि उक्त मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है, ताकि कॉलर की लोकेशन और पहचान का पता लगाया जा सके. पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जायेगा.