सड़क दुर्घटना में व्यवसायी की मौत

भरौंधा बाजार में मातम

By ROHIT KUMAR SINGH | March 18, 2026 7:27 PM

भरौंधा बाजार में मातम प्रतिनिधि, गुरुआ. गुरुआ थाना क्षेत्र के भरौंधा बाजार निवासी व्यवसायी कृष्णा वर्णवाल की मंगलवार की शाम चेरकी लोहा पुल के समीप सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गयी. बताया जाता है कि वे ट्रक की चपेट में आ गये, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गयी. इस घटना की खबर मिलते ही भरौंधा बाजार सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी है. कृष्णा वर्णवाल अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके निधन से तीन बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया है, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय धर्मेंद्र कुमार सोनी, अभिषेक कुमार आदि ने बताया कि कृष्णा वर्णवाल बेहद सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे. बुधवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नम आंखों से अंतिम विदाई दी गयी.