सोती महिला के गले से सिकड़ी खींच रहे थे चोर, शोर मचते ही तीनों धराए
Jale Crime News: दरभंगा के जाले थाना क्षेत्र में सोती महिला के गले से चांदी की सिकड़ी खींचते तीन चोरों को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने चोरी की बाइक, मोबाइल और आभूषण बरामद कर अंतरजिला गिरोह से जुड़े होने की जांच शुरू कर दी है.
दरभंगा के जाले से केशवेन्द्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट
Jale Crime News: जाले थाना क्षेत्र की दोघरा पंचायत में गुरुवार तड़के चोरी की कोशिश के दौरान ग्रामीणों ने तीन चोरों को रंगेहाथ पकड़ लिया. आरोपित एक घर में घुसकर सो रही महिला के गले से चांदी की सिकड़ी निकाल रहे थे. महिला के शोर मचाते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी की बाइक, दो मोबाइल फोन और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं.
सोती महिला के गले से सिकड़ी निकाल रहे थे चोर
पीड़ित जयप्रकाश यादव ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि गुरुवार सुबह करीब चार बजे उनकी पत्नी बिंदु देवी घर में सो रही थीं. इसी दौरान एक चोर उनके गले से चांदी की सिकड़ी निकाल रहा था. महिला के जागने और शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और घर के दरवाजे पर ही तीनों आरोपितों को पकड़ लिया.
बक्सा तोड़कर आभूषण और मोबाइल चोरी का आरोप
आवेदन के अनुसार आरोपितों ने घर का बक्सा तोड़कर नया एवं पुराना चांदी का लॉकेट तथा रेडमी और वीवो कंपनी के तीन मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे. पकड़े जाने के बाद आरोपितों ने परिवार को जान से मारने, घर को बम से उड़ाने और जेल से छूटने के बाद गोली मारने की धमकी भी दी.
यब भी पढ़ें: कुशेश्वरस्थान में दिव्यांगों को मिली इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल, विधायक ने दिखाई हरी झंडी
आपराधिक रिकॉर्ड की जांच
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाना क्षेत्र निवासी रंजीत कुमार झा उर्फ बिचकिया, रोहतास जिले के उपेंद्र उर्फ गोलू सिंह और सुमित सिंह के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि मुख्य आरोपित रंजीत झा का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. अन्य दोनों आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है.
अंतर जिला गिरोह से जुड़े होने की जांच
पुलिस ने बताया कि बरामद बाइक और मोबाइल के आईएमईआई नंबर के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाया जा रहा है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपित किसी अंतरजिला चोर गिरोह से जुड़े हैं या हाल की अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता रही है.
ग्रामीणों की सतर्कता की पुलिस ने की सराहना
थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या स्थानीय थाना को दें. उन्होंने लोगों से कानून हाथ में नहीं लेने तथा आरोपितों को पकड़कर पुलिस के हवाले करने की अपील की. साथ ही क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की बात कही.
यब भी पढ़ें: मीटर से पहले सर्विस तार काटकर हो रही थी बिजली चोरी, विभाग ने दर्ज कराया केस
