दरभंगा के बहादुरपुर में गहराया पानी का संकट, सूखे चापाकल और बंद नल-जल योजना से लोग परेशान

Darbhanga Water Crisis: दरभंगा के बहादुरपुर प्रखंड की कई पंचायतों में चापाकल और नल सूखने से पेयजल संकट गहरा गया है. नल-जल योजना भी कई जगह ठप है. बीडीओ ने पीएचईडी को समस्या दूर करने के निर्देश दिए हैं.

By PURUSHOTTAM KUMAR CHOU | July 6, 2026 7:47 PM

Darbhanga Water Crisis: दरभंगा के बहादुरपुर प्रखंड की करीब आधा दर्जन पंचायतों में पेयजल संकट गहराने लगा है. कई जगह चापाकल और नल सूख गए हैं, जबकि मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत संचालित हर घर नल-जल योजना भी कई वार्डों में प्रभावित है. इससे लोगों, खासकर महिलाओं को पानी के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है.

यह भी पढ़ें: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग

पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ रहा

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले एक सप्ताह से स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. घरों तक पानी नहीं पहुंचने के कारण महिलाओं को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है. इससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है.

इन पंचायतों में सबसे अधिक समस्या

ओझौल तारालाही, डरहार, खैरा, उधरा, बसतपुर, विउनी अन्दामा समेत कई पंचायतों में पेयजल संकट सबसे अधिक देखा जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश चापाकलों से पानी निकलना बंद हो गया है.

यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके

नल-जल योजना भी कई जगह ठप

हर घर नल-जल योजना के तहत कई वार्डों में पाइपलाइन लीक होने, मोटर खराब रहने और बिजली संबंधी समस्याओं के कारण जलापूर्ति बाधित है. इससे योजना का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है.

ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद कई स्थानों पर अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है.

प्रशासन ने क्या कहा

बीडीओ अश्विनी कुमार ने बताया कि जिन पंचायतों से पेयजल संकट की शिकायत मिली है, उनकी सूची तैयार कर पीएचईडी विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) को आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र समस्या के समाधान का निर्देश दिया गया है.

फिलहाल प्रभावित पंचायतों के लोग प्रशासन से जल्द जलापूर्ति बहाल कराने और खराब चापाकलों व नल-जल योजना की मरम्मत कराने की मांग कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: हर साल क्यों डूब जाता है मुजफ्फरपुर? नेपाल से लेकर बूढ़ी गंडक तक जानिए बाढ़ की पूरी कहानी