DMCH ओपीडी में भाजपा नेता बने पॉकेटमारों का शिकार, चोर ने जेब से उड़ाए ₹6,100
Darbhanga News: दरभंगा के डीएमसीएच ओपीडी में पर्ची कटाने के दौरान भाजपा नेता कमल प्रसाद साह की जेब से 6,100 रुपये चोरी हो गए. पीड़ित ने डीएमसीएच अधीक्षक और पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है.
Darbhanga News: दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) के ओपीडी परिसर में सोमवार को पॉकेटमारी की घटना सामने आई. सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर खड़ुआ निवासी और भाजपा महामंत्री कमल प्रसाद साह की जेब से अज्ञात बदमाशों ने 6,100 रुपये निकाल लिए. घटना उस समय हुई, जब वह अपने पोते का इलाज कराने के लिए ओपीडी में पर्ची कटाने की लाइन में खड़े थे.
यह भी पढ़ें: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
भीड़ का फायदा उठाकर जेब कर दी साफ
पीड़ित कमल प्रसाद साह ने बताया कि वह अपने पोते को ईएनटी विभाग के चिकित्सक को दिखाने के लिए डीएमसीएच पहुंचे थे. पर्ची बनवाने के दौरान ओपीडी में काफी भीड़ थी. इसी दौरान किसी ने उनकी जेब से 6,100 रुपये निकाल लिए.
कुछ देर बाद जब उन्होंने जेब की जांच की तो रुपये गायब मिले. इसके बाद उन्होंने अस्पताल प्रशासन को घटना की जानकारी दी.
सीसीटीवी फुटेज देखने पहुंचे तो मिला यह जवाब
पीड़ित ने डीएमसीएच अधीक्षक से शिकायत करते हुए संबंधित स्थान के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने का अनुरोध किया. उनका आरोप है कि अस्पताल की ओर से बताया गया कि जिस स्थान पर घटना हुई, वहां लगा सीसीटीवी कैमरा खराब है.
पुलिस और अस्पताल प्रशासन से कार्रवाई की मांग
कमल प्रसाद साह ने डीएमसीएच अधीक्षक और संबंधित थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की जांच करने, पॉकेटमारों की पहचान करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.
फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुटी है. वहीं, अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी सिस्टम को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.
यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके
