Darbhanga Weather News: जाले में मौसम बदला, बारिश के बीच कई इलाकों की बिजली काटी गई

Darbhanga Weather News: जाले प्रखंड में गरज और तेज हवा के साथ बारिश शुरू होने के बाद बिजली विभाग ने संभावित फॉल्ट और दुर्घटना से बचाव के लिए एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद कर दी. बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, जबकि विभाग हालात पर नजर बनाए हुए है. जानिए खबर विस्तार से...

By Purushottam Kumar | June 22, 2026 8:06 PM

दरभंगा के जाले से केशवेन्द्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट

Darbhanga Weather News: जाले प्रखंड क्षेत्र में रविवार देर शाम गरज और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई. अचानक मौसम बदलने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. हालांकि संभावित दुर्घटनाओं और तकनीकी फॉल्ट से बचाव के लिए विद्युत विभाग ने एहतियातन कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी.

मौसम बदलते ही विभाग हुआ सतर्क

ग्रामीणों के अनुसार तेज हवा शुरू होने से पहले ही पावर सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति रोक दी गई थी. विभागीय कर्मियों का कहना है कि आंधी और बारिश के दौरान बिजली के तारों में फॉल्ट की संभावना बढ़ जाती है. ऐसे में सुरक्षा कारणों से आपूर्ति बंद करना जरूरी हो जाता है.

जर्जर केबल से बढ़ी चिंता

बिजली विभाग के अनुसार कई स्थानों पर पुराने केबल और जर्जर इंसुलेटर होने के कारण बारिश के दौरान तकनीकी खराबी की आशंका बनी रहती है. इसी वजह से आपूर्ति बंद कर एहतियाती कदम उठाया गया.

साथी चौक से शंकर चौक तक फॉल्ट का खतरा

नगर परिषद क्षेत्र के लोगों ने बताया कि साथी चौक से शंकर चौक के बीच लगभग 500 मीटर बिजली केबल पूर्व में जल चुका है. बारिश के दौरान इसी हिस्से में दोबारा फॉल्ट होने की आशंका को देखते हुए विभाग ने बिजली आपूर्ति बंद रखी.

गर्मी से राहत, बिजली बहाली का इंतजार

बारिश शुरू होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन बिजली कटने के कारण कई इलाकों में अंधेरा छा गया. लोगों को अब मौसम सामान्य होने और बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार है.