बिरौल के सुपौल-शिवनगर घाट मार्ग पर सड़क हादसा, ई-रिक्शा पलटने से चार जख्मी

Darbhanga Road Accident: बिरौल के सुपौल-शिवनगर घाट मुख्य मार्ग पर ई-रिक्शा पलटने से चार लोग घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल एक महिला को डीएमसीएच रेफर किया गया है. हादसे के बाद चालक फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

By Purushottam Kumar | July 1, 2026 8:01 PM

दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट

Darbhanga Road Accident: बिरौल अनुमंडल क्षेत्र के सुपौल-शिवनगर घाट मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में चार लोग घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बिरौल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर रूप से घायल एक महिला को प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच रेफर कर दिया गया.

मोड़ के पास हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शी सिकंदर ठाकुर ने बताया कि सभी यात्री बिशनपुर घाट से ई-रिक्शा पर सवार होकर सुपौल बाजार जा रहे थे. ट्रेनिंग मोड़ के पास अचानक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.

चार लोग हुए घायल

हादसे में 39 वर्षीय मिंटू देवी, 36 वर्षीय अनीता देवी, 33 वर्षीय सोनी देवी सहित चार लोग घायल हो गए. मिंटू देवी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया. वहीं अनीता देवी और सोनी देवी का इलाज बिरौल अनुमंडलीय अस्पताल में डॉ. प्रवीण कुमार की देखरेख में चल रहा है. चौथे घायल की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी.

स्थानीय लोगों ने पहुंचाई अस्पताल

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को ई-रिक्शा से निकालकर अस्पताल पहुंचाया. उनकी तत्परता से घायलों को समय पर उपचार मिल सका.

पुलिस ने शुरू की जांच

थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिली है. फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बड़ा झटका, दरभंगा से अकासा और स्पाइसजेट की उड़ान रद्द