Darbhanga Golu Murder: 12 वर्षीय गोलू की मौत के बाद बेसहारा हुआ परिवार, समाजसेवी ने सौंपे 25 हजार रुपये
Darbhanga Golu Murder: मोतीपुर में 12 वर्षीय गोलू की हत्या के बाद समाजसेवी श्रवण चौधरी ने पीड़ित परिवार को 25 हजार की आर्थिक मदद दी. उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा और सुरक्षा देने की मांग की है.
दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट
Darbhanga Golu Murder: बहेड़ा थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव में हुए चर्चित 12 वर्षीय किशोर गोलू हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार की मदद के लिए इलाके के जाने-माने समाजसेवी श्रवण चौधरी आगे आए हैं. उन्होंने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक के अत्यंत गरीब परिजनों को ढांढस बंधाया और तत्काल 25 हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता सौंपी. समाजसेवी की इस मानवीय पहल की पूरे इलाके में काफी सराहना की जा रही है.
इकलौते बेटे की मौत के बाद भरण-पोषण का संकट
मोतीपुर निवासी गोलू की कुछ दिन पूर्व अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी थी. इस जघन्य घटना के बाद से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जाता है कि इस महादलित परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही बेहद दयनीय और कमजोर है. घर के इकलौते चिराग और बेटे की असमय मौत के बाद अब वृद्ध माता-पिता के सामने भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है.
दुख की इस घड़ी में समाज को आगे आने की जरूरत: श्रवण
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद समाजसेवी श्रवण चौधरी ने कहा कि दुख की इस विकट घड़ी में पूरे समाज को पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए. उन्होंने स्थानीय जिला प्रशासन और सरकार से पुरजोर मांग की है कि पीड़ित परिवार को अविलंब उचित सरकारी मुआवजा राशि दी जाए और उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाए. उन्होंने पुलिस से इस हत्याकांड के अपराधियों को जल्द से जल्द स्पीडी ट्रायल चलाकर फांसी की सजा दिलाने की मांग की.
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश
समाजसेवी की तरफ से मिली इस त्वरित आर्थिक मदद पर रोते-बिलखते परिजनों ने श्रवण चौधरी का आभार जताया. इस दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी उनके इस कदम की सराहना की. हालांकि, गांव में अब भी इस बर्बर घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर जल्द और कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे.
ये भी पढ़ें: बस यात्रियों को नहीं करना होगा इंतजार, जल्द लॉन्च होगा ‘वेयर इज माय बस’ ऐप
