दरभंगा से अजय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Darbhanga Airport News: दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बुधवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. अकासा एयर और स्पाइसजेट की दिल्ली रूट की उड़ानें रद्द होने से टिकट बुक करा चुके कई यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी. दिल्ली रूट पर केवल इंडिगो की सेवा उपलब्ध रही. लगातार उड़ानों के रद्द होने और कटौती से यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
दिल्ली रूट पर केवल इंडिगो की सेवा रही उपलब्ध
सामान्य दिनों में दिल्ली रूट पर आधा दर्जन से अधिक उड़ानों का संचालन होता है, लेकिन बुधवार को केवल इंडिगो की दो फ्लाइट संचालित हुईं. अकासा और स्पाइसजेट की उड़ानें रद्द रहने से यात्रियों को अंतिम समय में वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी.
एक माह बाद सबसे कम हुआ विमान परिचालन
बुधवार को दरभंगा एयरपोर्ट से केवल दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए कुल आठ उड़ानों का संचालन हुआ. करीब एक माह बाद एयरपोर्ट पर विमान परिचालन न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया. इससे पहले प्रतिदिन एक दर्जन से अधिक उड़ानों का संचालन हो रहा था.
यात्रियों की संख्या 1500 से नीचे पहुंची
दरभंगा एयरपोर्ट से सामान्य दिनों में लगभग 2500 यात्री प्रतिदिन यात्रा करते हैं, लेकिन बुधवार को यात्रियों की संख्या घटकर 1500 से भी नीचे पहुंच गई. उड़ानों में कटौती का सीधा असर यात्री संख्या पर भी देखने को मिला.
दिल्ली जाने वाले यात्रियों को हुई सबसे अधिक परेशानी

दिल्ली रूट की दो प्रमुख उड़ानें रद्द होने से नौकरी, व्यवसाय, इलाज और अन्य आवश्यक कार्यों से यात्रा करने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी. कई यात्रियों को टिकट होने के बावजूद यात्रा स्थगित करनी पड़ी.
नियमित उड़ान सेवा बहाल करने की मांग
यात्रियों का कहना है कि दरभंगा एयरपोर्ट उत्तर बिहार के लाखों लोगों के लिए प्रमुख हवाई संपर्क केंद्र बन चुका है. ऐसे में लगातार उड़ानों का रद्द होना और संख्या में कटौती यात्रियों के लिए बड़ी समस्या बन गई है. उन्होंने विमानन कंपनियों और एयरपोर्ट प्रबंधन से नियमित एवं सुचारू उड़ान सेवा बहाल करने की मांग की है.
