लंबित मजदूरी को लेकर चौसा पॉवर प्लांट में श्रमिकों ने किया विरोध प्रदर्शन

निर्माणाधीन थर्मल पावर प्लांट में कार्यरत सैकड़ों श्रमिकों का तीन माह से मजदूरी नहीं मिलने पर श्रमिकों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया.

By AMLESH PRASAD | January 27, 2026 10:25 PM

चौसा. निर्माणाधीन थर्मल पावर प्लांट में कार्यरत सैकड़ों श्रमिकों का तीन माह से मजदूरी नहीं मिलने पर श्रमिकों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया. मामला एलएंडटी के तहत काम कर रही स्वप्निल इंटरप्राइजेज कंपनी का है जिसके श्रमिकों ने कंपनी के मुख्य द्वार पर ठेकेदार को रोककर अपनी बकाया मजदूरी की मांग की और काम बंद कर दिया. श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें पिछले नवंबर माह से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है. जिससे उनके परिवारों के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. हरवंश सिंह, प्रदीप कुमार, सुशील सिंह, कन्हैया यादव, गजेंद्र आदि श्रमिकों ने बताया कि मजदूरी नही मिलने से बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है. मौके पर पहुंचे ठेकेदार रवि तिवारी ने श्रमिकों को सात तारीख तक लंबित मजदूरी का भुगतान करने का आश्वासन दिया. हालांकि श्रमिक इस आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए और तत्काल भुगतान की मांग पर अड़े रहे. उनका कहना था कि पहले भी ऐसे आश्वासन दिए जा चुके हैं, लेकिन भुगतान नहीं हुआ. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मजदूरों व ठेकेदार के बीच बातचीत का प्रयास किया. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों से शांतिपूर्ण समाधान का भरोसा दिलाया. इंटक मजदूर यूनियन के पप्पू पांडेय और मजदूरों ने ठेकेदार को 24 घंटे के भीतर मजदूरी का भुगतान करने का अल्टीमेटम दिया है.