भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व महंगाई के खिलाफ बक्सर में राजद का धरना, सरकार पर हमला बोला

Buxar RJD Protest : केंद्र सरकार महंगाई और बेरोजगारी को खत्म करने में विफल है. राजद ने सरकार पर जमकर हमला बोला.

By Rajeev Kumar | June 18, 2026 12:24 PM

बक्सर से ओंकार नाथ मिश्र की रिपोर्ट
Buxar RJD Protest : महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और ध्वस्त कानून-व्यवस्था के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बुधवार को स्टेशन रोड स्थित नगर भवन के सामने धरना प्रदर्शन किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने की, जबकि संचालन प्रधान महासचिव धनपति चौधरी ने किया. धरने में प्रदेश उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता मधु मंजरी पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहीं.

जिला अध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि 12 वर्षों में केंद्र सरकार महंगाई और बेरोजगारी खत्म करने में पूरी तरह विफल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में दफ्तर-दफ्तर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी बढ़ गई है तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता लगातार गिरती जा रही है.

एकदिवसीय धरना में बैठे राजद कार्यकता।फोटो प्रभात खबर

विकास पर भी उठाए सवाल

उन्होंने बक्सर में बने नव-निर्मित रेल ओवरब्रिज का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों की लागत से बना पुल उद्घाटन से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गया, जो सरकारी लापरवाही और भ्रष्टाचार का उदाहरण है. उन्होंने इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की.

झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष भारती ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे ‘जंगलराज-2’ करार दिया. उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है.

सरकार के खिलाफ हमला बोलते राजद नेता और मौजूद कार्यकर्ता।फोटो-प्रभात खबर

अस्पतालों में सुविधाओं की भारी कमी

कार्यक्रम प्रभारी मधु मंजरी ने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि स्कूलों का निजीकरण बढ़ रहा है, परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं आम हो गई हैं, और अस्पतालों में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी है.

मौके पर जिला मीडिया प्रभारी हरेन्द्र कुमार सिंह, गणपति मंडल, निर्मल कुशवाहा, भरत सिंह, सत्येंद्र आजाद, इफ्तखार अहमद, पूजा कुमारी व इटाढ़ी प्रखंड अध्यक्ष धर्मराज चौहान के अलावा सभी प्रखंड व नगर अध्यक्ष तथा मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें बक्सर में पढ़ाई के लिए निकली नाबालिग का हुआ था अपहरण, आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर, भेजा गया जेल