buxar news : प्रशांत किशोर ने बक्सर व डुमरांव में किया रोड शो, उमड़ी भीड़

buxar news : जनसुराज प्रत्याशियों के पक्ष में मांगा समर्थन

By SHAILESH KUMAR | November 4, 2025 9:23 PM

बक्सर. नगर में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के रोड शो का आयोजन मंगलवार को डुमरांव व बक्सर विधानसभा क्षेत्र में किया गया. प्रशांत किशोर के रोड शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिसके कारण बक्सर और डुमरांव में जाम की स्थिति कायम रही. बक्सर में रोड शो नगर के ज्याेति प्रकाश चौक से शुरू किया गया, जिसमें युवाओं के साथ ही सुदुर क्षेत्रों से काफी संख्या में लोग शामिल हुए. रोड शो ज्योति प्रकाश चौक, मॉडल थाना, रामरेखा घाट, पीपी रोड, ठठेरी बाजार, जमुना चौक से गुजरते हुए नगर भ्रमण किया, जो सिंडिकेट पर पहुंच कर सम्पन्न हो गया. इस दौरान उन्होंने नगर में जन सुराज पार्टी के बक्सर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी तथागत हर्ष वर्धन के पक्ष में मतदान की अपील की. वहीं, दूसरी ओर डुमरांव में रोड शो में स्थानीय लोग और समर्थक शामिल रहे. इस रोड शो के दौरान प्रशांत किशोर ने सड़क किनारे खड़े जनता से डुमरांव विधानसभा क्षेत्र के जनसुराज के प्रत्याशी शिवांग विजय सिंह को आशीर्वाद देने की अपील की. उन्होंने कहा कि इस बार बिहार की जनता जाति, धनबल और बाहुबल की राजनीति से ऊपर उठकर बेरोजगारी, पलायन, अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ मतदान करेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है