सीएचओ-पीएसपी सदस्यों ने उपस्थित लोगों को मलेरिया के बारे में दी जानकारी

सीएचओ लक्ष्मी कुमारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मलेरिया बुखार होने पर पीड़ित व्यक्ति को नजदीकी सरकारी अस्पताल जाना चाहिए.

By AMLESH PRASAD | April 24, 2026 10:02 PM

बक्सर. जिला सहित राज्य में 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस मनाया जायेगा. इस वर्ष ड्रिवेन टू एंड मलेरिया: नाउ वी कैन. नाउ वी मस्ट. को थीम के रूप में चुना गया है. शुक्रवार को जिला के चक्की प्रखंड स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, अरक में वीओ बैठक के माध्यम से उपस्थित लोगों को मलेरिया बीमारी के बारे में जानकारी दी गयी. बैठक में सीएचओ लक्ष्मी कुमारी, वार्ड सदस्य बनारसी गोंड सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.

सीएचओ लक्ष्मी कुमारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मलेरिया बुखार होने पर पीड़ित व्यक्ति को नजदीकी सरकारी अस्पताल जाना चाहिए और इसकी जांच सुविधा आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर भी उपलब्ध है. खून की जांच में मलेरिया निकलने पर डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवा लेनी चाहिए. सरकारी अस्पतालों में इसकी निःशुल्क जांच और इलाज की व्यवस्था है. मलेरिया फैलाने वाला मच्छर किसी स्थान पर ठहरे हुए साफ पानी और धीमी गति से बहने वाली नालियों में अंडे देती है और वहां पर पनपती है.

उन्होंने कहा कि मलेरिया से सुरक्षा के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है. पूरे बदन को ढकने वाले कपड़े पहनें और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें. घर के आसपास जलजमाव वाली जगहों को मिट्टी से भर दें. जलजमाव वाले स्थान पर केरोसिन तेल या डीजल डालें. घर के आसपास बहने वाली नाले की साफ-सफाई करते रहें.