फार्मर रजिस्ट्री में जिला लगातार कई दिनों से सूबे में दूसरे स्थान पर
जिले में किसानों को सरकारी योजनाओं का सीधा और पारदर्शी लाभ दिलाने के उद्देश्य से फार्म रजिस्ट्री अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है.
बक्सर. जिले में किसानों को सरकारी योजनाओं का सीधा और पारदर्शी लाभ दिलाने के उद्देश्य से फार्म रजिस्ट्री अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है. छह जनवरी से जिले भर में विशेष शिविर लगाकर किसानों की फार्म रजिस्ट्री बनाने का कार्य किया जा रहा है. लगातार दो से तीन दिनों से बक्सर जिला पूरे बिहार में फार्म रजिस्ट्री के मामले में दूसरे स्थान पर बना हुआ है, जो जिले के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
फार्म रजिस्ट्री अभियान को गति देने के लिए जिले में कुल 641 कर्मचारियों को विभिन्न विभागों से तैनात किया गया है. इसमें राजस्व विभाग, कृषि विभाग और पंचायती राज विभाग के कर्मी शामिल हैं. इन कर्मचारियों के सहयोग से पंचायत स्तर पर किसानों का पंजीकरण किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना से वंचित न रह जाये. कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार फार्म रजिस्ट्री कार्य में कुल 52 किसान समन्वयक, 119 किसान सलाहकार, आत्मा के 8 बीटीएम, 119 एटीएम, 53 पंचायत सचिव, 121 डाटा ऑपरेटर, 215 विशेष सर्वे अमीन तथा 59 राजस्व कर्मचारियों को लगाया गया है. किसानों को फार्म रजिस्ट्री कराने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए जिले के संयुक्त कृषि भवन में एक विशेष कंट्रोल रूम की स्थापना की गयी है. इस कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रतिदिन तीन से चार बार फोन के जरिए बैठकें की जा रही हैं. इन बैठकों में फील्ड से मिल रही समस्याओं पर चर्चा कर तुरंत समाधान का निर्देश दिया जाता है. अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी समस्या, दस्तावेज से जुड़ी परेशानी या नेटवर्क संबंधी दिक्कतें कंट्रोल रूम के माध्यम से तत्काल दूर की जा रही हैं. जिले से प्रखंड स्तर के अधिकारी अभियान की लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं. सुबह से देर शाम तक शिविरों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों को बेवजह परेशान न होना पड़े. कई पंचायतों में किसानों की संख्या अधिक होने के कारण अतिरिक्त कर्मियों की भी व्यवस्था की गई है, जिससे रजिस्ट्री का कार्य प्रभावित न हो.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
