बक्सर न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए मोटरसाइकिल स्टैंड का लोकार्पण, न्यायिक सुविधाओं पर जोर

Buxar News : बक्सर व्यवहार न्यायालय परिसर में भवन निर्माण विभाग द्वारा लगभग 4.29 लाख रुपये की लागत से बने नवनिर्मित मोटरसाइकिल स्टैंड का लोकार्पण किया गया.

By Suryakant Kumar | June 23, 2026 4:14 PM

मृत्युंजय सिंह की रिपोर्ट
Buxar News :
बक्सर व्यवहार न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए नवनिर्मित मोटरसाइकिल स्टैंड का लोकार्पण प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुश्री काजल झाम्ब ने किया. इस दौरान उन्होंने न्यायालय परिसर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को न्यायिक व्यवस्था को अधिक सुगम, व्यवस्थित और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.

4.29 लाख की लागत से कराया गया निर्माण

भवन निर्माण विभाग द्वारा लगभग 4.29 लाख रुपये की लागत से नए एक्साइज न्यायालय भवन के पास इस मोटरसाइकिल स्टैंड का निर्माण कराया गया है. इसके माध्यम से अधिवक्ताओं को सुरक्षित और व्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे न्यायालय परिसर में भीड़भाड़ कम होने के साथ-साथ कार्य निष्पादन में भी सुगमता आएगी.

कर्मचारियों के लिए वाहन शेड और आम जनता के लिए बनेगा सुविधा भवन

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि न्यायालय परिसर में अन्य सुविधाओं के विकास के लिए भी पहल की जा रही है. न्यायिक कर्मचारियों के लिए वाहन शेड तथा आम नागरिकों एवं वादकारियों के लिए सुविधा भवन के निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है.

आधारभूत सुविधाओं का विस्तार समय की जरूरत

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि न्यायालय केवल न्यायिक निर्णयों का केंद्र नहीं, बल्कि लोकतंत्र के उस महत्वपूर्ण स्तंभ का प्रतीक है जहां आम नागरिक अपने अधिकारों और न्याय की अपेक्षा लेकर पहुंचता है. ऐसे में न्यायालय परिसरों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है.

एडवोकेट न्याय व्यवस्था की रीढ़

उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान की कार्यकुशलता उसके भौतिक संसाधनों और उपलब्ध सुविधाओं पर भी निर्भर करती है. अधिवक्ता न्याय व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.

कई न्यायिक पदाधिकारी और एडवोकेट रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश श्री मनोज कुमार, श्री उदय प्रताप सिंह, श्री अमित कुमार शर्मा, श्री सुनील कुमार सिंह, श्री सोनेलाल रजक, श्री देवेश कुमार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, जिला अधिवक्ता संघ के महासचिव विन्देश्वरी प्रसाद पाण्डेय उर्फ पप्पू पाण्डेय, प्रभारी प्रशासन न्यायालय राजीव कुमार श्रीवास्तव, नाजिर संतोष कुमार द्विवेदी तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ता और न्यायिक कर्मी उपस्थित रहे.

अधिवक्ताओं ने इस पहल का किया स्वागत

उपस्थित अधिवक्ताओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे न्यायालय परिसर के संपूर्ण विकास की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया और भविष्य में भी अधिवक्ताओं और वादकारियों की सुविधाओं के लिए ऐसे विकास कार्य जारी रहने की उम्मीद जताई.

Also Read : बक्सर में आंधी-बारिश का कहर: रघुनाथपुर-टुड़ीगंज के बीच ट्रैक पर गिरा पेड़, घंटों बाधित रहा रेल परिचालन