BPSC 70th Result: बक्सर के रौनक ने पहले प्रयास में हासिल की 622वीं रैंक, बिना कोचिंग बने RDO
BPSC 70th Result: बक्सर के चौगाईं गांव के रौनक कुमार ने बीपीएससी 70वीं परीक्षा में 622वीं रैंक हासिल कर आरडीओ पद पर सफलता पाई है. उन्होंने बिना कोचिंग केवल स्वाध्याय के दम पर पहले ही प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की.
BPSC 70th Result: बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र के चौगाईं प्रखंड अंतर्गत चौगाई गांव के रौनक ने पहले प्रयास में बाजी मारी है. चौगाई गांव के उत्तरपट्टी निवासी उमेश सिंह के पुत्र रौनक कुमार ने बीपीएससी 70वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में 622वीं रैंक हासिल कर आरडीओ पद पर चयनित हुए हैं. उन्होंने यह सफलता पहले ही प्रयास में बिना किसी कोचिंग के हासिल की है. रौनक की प्रारंभिक शिक्षा डेनोबिल स्कूल चंद्रपुरा, धनबाद से हुई. बीएन कॉलेज पटना से ग्रेजुएशन और दरभंगा हाउस पटना से एमए की डिग्री ली. नीट, जेआरएफ जैसी परीक्षाओं की तैयारी भी की.
माता-पिता को दिया श्रेय
रौनक ने कहा कि परिवार के सहयोग और माता रेणु सिंह व पिता उमेश सिंह के विश्वास ने हर कदम पर हौसला बढ़ाया. रौनक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है. उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर प्रयास और स्वाध्याय (सेल्फ स्टडी) से बड़ी से बड़ी परीक्षा पास की जा सकती है. उनकी यह शानदार उपलब्धि आज के अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत बन गई है.
गांव में जश्न का माहौल
रौनक के चयन की खबर मिलते ही पैतृक गांव चौगाईं में खुशी की लहर दौड़ गई है और जश्न का माहौल है. ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया. गांव के लोगों ने बताया कि रौनक बचपन से ही पढ़ाई में काफी तेज थे और आज उनकी मेहनत रंग लाई है. अब हर कोई उनके घर पहुंचकर परिजनों को बधाई दे रहा है.
इतिहास की बड़ी भर्ती
बीपीएससी द्वारा जारी अंतिम परिणाम में कुल 2027 अभ्यर्थी सफल हुए हैं. यह आयोग के इतिहास की सबसे बड़ी भर्तियों में से एक थी, जिसमें कुल 2035 पदों पर चयन होना था. इस प्रतिष्ठित परीक्षा में उत्तर प्रदेश की श्रद्धा पांडेय ने कुल 593 अंक लाकर पूरे राज्य में टॉप किया है.
