बिहार में आज और कल आंधी-पानी, 19 अप्रैल से लू का कहर, जानिए आपके जिले का हाल

Bihar Weather Alert: बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. कहीं आंधी-पानी से राहत मिल रही है तो कहीं तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचकर लोगों को झुलसा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को सीमांचल के जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है, लेकिन 19 अप्रैल से पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू होने जा रहा है.

By Pratyush Prashant | April 17, 2026 7:29 AM

Bihar Weather Alert: बिहार की धरती पर इस वक्त कुदरत के दो अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहे हैं. राज्य में अगले 48 घंटे बेहद चुनौतीपूर्ण होने वाले हैं. जहां एक तरफ सीमांचल के जिलों में बादलों की गड़गड़ाहट और बारिश की फुहारें तन को भिगोने वाली हैं, वहीं दूसरी तरफ दक्षिण बिहार के जिलों में सूरज अभी से आग उगलने लगा है. असली पिक्चर 19 अप्रैल से शुरू होगी जब पछुआ हवा पूरे बिहार को तंदूर की तरह तपाने के लिए तैयार है.

इन जिलों में आज-कल आंधी

मौसम विभाग के मुताबिक अररिया, कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया में शुक्रवार और शनिवार को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चल सकती है. इन जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.

गुरुवार को बिहार में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिले. दक्षिण बिहार के रोहतास, भभुआ और औरंगाबाद में पछुआ हवा के कारण तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. राज्य के अन्य जिलों में पूरवा हवा चलने से तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा और कुछ जगहों पर यह 29 डिग्री तक गिर गया. शुष्क पछुआ हवाओं की गति ने वातावरण में जलन और बेचैनी को और बढ़ा दिया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.

19 अप्रैल का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दी है कि 18 अप्रैल से बक्सर, रोहतास, कैमूर, भोजपुर, औरंगाबाद, गया और पटना सहित कई जिलों में भीषण लू चलने की आशंका है.

19 अप्रैल से बिहार में पछुआ हवा का प्रवाह एक बार फिर तेज होगा. पछुआ हवा के आते ही वायुमंडल की नमी खत्म हो जाएगी और तापमान में तेजी से उछाल आएगा. मौसम विभाग के अनुसार, क्रमिक रूप से बढ़ते पारे के कारण बिहार के अधिकांश शहर भीषण गर्मी और लू की चपेट में आ सकते हैं. 19 तारीख के बाद पारा फिर से 42-43 डिग्री के पार जा सकता है.

अभी बिहार में पूरवा और पछुआ हवाओं की खींचतान चल रही है.जहां पूरवा हवा चल रही है, तापमान में गिरावट देखी जा रही है. पछुआ हवा वाले इलाकों में गर्मी तेजी से बढ़ रही है. यही वजह है कि राज्य में एक साथ अलग-अलग मौसम का अनुभव हो रहा है.

Also Read: शपथ के बाद फुल एक्शन में CM सम्राट, अफसरों की लगाई क्लास, प्रधान सचिवों को दिया ये टास्क