NEET छात्रा मौत मामले पर प्रदर्शन में पप्पू यादव शामिल, कहा- किसी की बेटी सुरक्षित नहीं

Bihar News: NEET छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद परिजन और छात्र न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं. इनकम टैक्स गोलंबर से शुरू होकर यह मार्च CBI कार्यालय तक पहुंचा. इस मार्च में जहानाबाद की रहने वाली छात्रा की मां भी पटना पहुंच चुकी हैं और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.

By Pratyush Prashant | April 10, 2026 2:29 PM

Bihar News: शंभू गर्ल्स हॉस्टल में हुई एक NEET छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में इंसाफ दिलाने के लिए उसकी बेबस मां पटना के इनकम टैक्स गोलंबर पर धरने पर बैठ गई हैं.पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, इस मामले को लेकर प्रशासन और जांच एजेंसियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.

परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या हुई है, लेकिन जांच की कछुआ चाल दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है.

पप्पू यादव का समाज और सिस्टम पर साधा निशाना

इनकम टैक्स गोलंबर से सीबीआई (CBI) दफ्तर तक मार्च के दौरान पप्पू यादव के तेवर बेहद तल्ख नजर आए. उन्होंने न केवल सरकार पर निशाना साधा, बल्कि समाज की चुप्पी पर भी गहरा दुख व्यक्त किया. पप्पू यादव ने कहा कि आज समाज इतना संवेदनहीन हो गया है कि फारबिसगंज जैसी घटनाओं में लोग मर जाते हैं और कोई खड़ा नहीं होता.

उन्होंने सत्ता पर काबिज नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे सिर्फ अपने ड्राइवर और चपरासी को मुख्यमंत्री बनाने की जोड़-तोड़ में लगे हैं, जबकि प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा भगवान भरोसे है. सांसद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि सीबीआई इस मामले में उनसे यह पूछती है कि उन्होंने परिजनों को कितनी आर्थिक मदद दी, जबकि अब तक असली गुनहगारों की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

इनकम टैक्स से CBI दफ्तर तक ‘न्याय मार्च’

हाथों में पोस्टर और छात्रा के परिजन और दर्जनों छात्र आज पटना की सड़कों पर उतरे. इनकम टैक्स गोलंबर से शुरू हुआ यह पैदल मार्च बेली रोड होते हुए सीबीआई दफ्तर के घेराव के लिए बढ़ा. छात्रा की मां की चीखें वहां मौजूद हर शख्स को झकझोर रही थीं.

परिजनों का कहना है कि जब तक सीबीआई की जांच में तेजी नहीं आती और दोषियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा जाता, वे पटना की सड़कों से नहीं हटेंगे.

हॉस्टल सुरक्षा और जांच पर उठते गंभीर सवाल

पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में हुई इस घटना ने शहर के तमाम निजी हॉस्टलों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. NEET जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी करने आई छात्रा की मौत ने अभिभावकों के मन में डर पैदा कर दिया है.

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि हॉस्टल संचालक से लेकर संदिग्धों तक पर त्वरित कार्रवाई हो. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इस बड़े विरोध प्रदर्शन के बाद सीबीआई की जांच किस दिशा में मुड़ती है.

Also Read: बिहार विधानसभा को RDX से उड़ाने की मिली धमकी, बम स्क्वायड की टीम जांच के लिए पहुंची