Bihar News: भागलपुर–दरभंगा में बर्ड फ्लू की दस्तक, हजारों मृत पक्षी दफन, प्रशासन अलर्ट

Bihar News: बिहार के दरभंगा जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. नगर निगम क्षेत्र के रहमगंज भीगो इलाके में अब तक 200 से अधिक कौवों की मौत हो चुकी है. भारत सरकार के मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के अंतर्गत पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने जांच रिपोर्ट के आधार पर बिहार सरकार को पत्र भेजकर इसकी पुष्टि की है.

By Pratyush Prashant | January 31, 2026 2:32 PM

Bihar News: दरभंगा में अचानक कौवों की सामूहिक मौत ने प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे की चिंता बढ़ा दी है. केंद्र सरकार की पुष्टि के बाद बर्ड फ्लू को लेकर जिले में हड़कंप मच गया है.दरभंगा के मुक्तिधाम श्मशान में हजारों पक्षियों की रहस्यमयी मौत के बाद बर्ड फ्लू (H5N1) की पुष्टि से हड़कंप मच गया है.

भागलपुर से जुड़ा कनेक्शन

कबीर सेवा संस्थान के संरक्षक नवीन सिन्हा ने बताया कि 14 जनवरी को ही पहली सूचना दी गई थी. उसी दिन सैंपल लेकर जांच के लिए कोलकाता और भोपाल भेजा गया था. देर रात आई रिपोर्ट में भागलपुर और दरभंगा—दोनों जगह मृत कौवों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है.

कोलकाता से आई रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन ने 5 किलोमीटर के दायरे में अलर्ट जारी कर दिया है. नगर निगम की टीमें सुरक्षा मानकों के साथ मृत पक्षियों को दफनाने और सैनिटाइजेशन में जुटी हैं. वहीं आमजन से खान-पान में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है.

केंद्रीय पुष्टि के बाद बढ़ी प्रशासन की सख्ती

केंद्र सरकार से बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है. मृत कौवों के शवों को वैज्ञानिक तरीके से दफनाया गया है ताकि संक्रमण आगे न फैले. नगर निगम और पशुपालन विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रही हैं.

इस मामले का खुलासा तब हुआ जब समाजसेवी संस्था कबीर सेवा संस्थान के नवीन सिन्हा को स्थानीय लोगों ने पक्षियों के मरने की सूचना दी. उन्होंने बताया कि 14-15 तारीख के आसपास मुक्तिधाम परिसर में भारी संख्या में पक्षी मृत पाए गए थे. जिलाधिकारी के निर्देश पर जब टीम ने जांच की और सैंपल कोलकाता भेजे, तो बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई.

सैनिटाइजेशन और बायो-सिक्योरिटी पर जोर

पोल्ट्री और अन्य पक्षियों में संक्रमण को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं. प्रभावित क्षेत्रों में बायो-सिक्योरिटी और सैनिटाइजेशन को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं. बाजारों, पोल्ट्री फार्म और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.

क्या है बर्ड फ्लू और कैसे फैलता है

बर्ड फ्लू एक वायरल बीमारी है, जो मुख्य रूप से पक्षियों में फैलती है. मुर्गी, बत्तख और कौवा इसके प्रमुख वाहक होते हैं. संक्रमित पक्षियों के मल, लार, पंख या शव के संपर्क में आने से संक्रमण फैल सकता है. दूषित पानी या गंदगी भी इसके फैलाव का कारण बन सकती है.

लोगों के लिए जरूरी सावधानियां

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को मरे हुए पक्षियों को न छूने की सलाह दी है. कच्चे मांस या अंडे को छूने के बाद हाथ साबुन से अच्छी तरह धोने और मांस-अंडा पूरी तरह पकाकर खाने को कहा गया है. किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की गई है.

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और सतर्क रहने की अपील की है. फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी की जा रही है.

Also Read: Bihar Bhumi: बिहार में रविवार को भी खुले रहेंगे रजिस्ट्री ऑफिस, जानिए क्यों लिया गया ये फैसला

बिहार-झारखंड के टॉप एक्सपर्ट्स के साथ बजट-26 की हर परत का विश्लेषण