bhagalpur news. सुलतानगंज–कटोरिया रेल लाइन परियोजना का जल्द शुरू होगा काम, देवघर की डगर होगी आसान

भारतीय रेल ने लंबे समय से प्रतीक्षित सुलतानगंज–कटोरिया रेल लाइन परियोजना का काम शुरू करने का फैसला लिया है.

By ATUL KUMAR | September 27, 2025 1:09 AM

शुभंकर, सुलतानगंज. भारतीय रेल ने लंबे समय से प्रतीक्षित सुलतानगंज–कटोरिया रेल लाइन परियोजना का काम शुरू करने का फैसला लिया है. इस नई लाइन से न केवल भागलपुर और देवघर के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि देशभर से आने वाले लाखों शिव भक्तों के लिए यात्रा भी आसान हो जाएगी. पूर्व रेलवे हावड़ा के चीफ पीआरओ दीप्तिमय दत्त ने बताया कि रेलवे बोर्ड से इस परियोजना को अनुमति मिल चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.

– करीब 74.8 किलोमीटर लंबी है परियोजना

करीब 74.8 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में असरगंज, तारापुर और बेलहर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से होकर रेल लाइन गुजरेगी. प्रस्तावित रेलखंड में सुलतानगंज, असरगंज, तारापुर, बेलहर, श्रीनगर, सूइया और कटोरिया में स्टेशन बनाए जाएंगे. विशेष बात यह है कि कटोरिया जंक्शन के रूप में विकसित होगा, जो वर्तमान में बांका-जसीडीह रेल लाइन पर स्थित है. रेलवे के नवीनतम अनुमान के अनुसार इस परियोजना पर लगभग 1261 करोड़ रुपये की लागत आएगी. फिलहाल सुलतानगंज से देवघर की दूरी भागलपुर, बांका–कटोरिया होकर लगभग 131 किलोमीटर है. नई लाइन बनने के बाद यह दूरी घटकर 101 किलोमीटर रह जाएगी. इधर, सांसद प्रतिनिधि पवन केसान ने जानकारी दी कि विगत 16 सितंबर को कोलकाता में हुई जेडआरयूसीसी की बैठक में इस परियोजना को लेकर प्रश्न उठाया गया था. काम कबसे शुरू होगा, इसकी जानकारी की मांग की गयी थी.उसके बाद पूर्व रेलवे ने बोर्ड से अनुमति लेकर इसकी स्वीकृति सुनिश्चित कर दी है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बांका सांसद गिरधारी यादव को धन्यवाद और बधाई दी. हर साल सुलतानगंज से देवघर तक जलाभिषेक के लिए जाने वाले कांवरियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है