सप्ताह भर बाद फिर विक्रमशिला पुल पर जाम, वाहनों की लंबी कतार से यात्रियों की बढ़ी परेशानी

Vikramshila Bridge Jam:भागलपुर के विक्रमशिला पुल पर सप्ताह भर की राहत के बाद फिर वाहनों की लंबी कतारें दिखने लगी हैं. जाम से यात्रियों और मालवाहक चालकों की परेशानी बढ़ गई है.

By ATUL KUMAR | June 23, 2026 6:14 AM

भागलपुर से अतुल तिवारी की रिपोर्ट

Vikramshila Bridge Jam: सप्ताह भर की राहत के बाद सोमवार से एक बार फिर विक्रमशीला पुल पर भीषण जाम की स्थिति शुरू हुई, जो मंगलवार को भी जारी रहा. पुल पर वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण दोनों ओर लंबी कतारें लग गयीं. जाम में फंसे लोगों को घंटों धूप में परेशान होना पड़ा. सबसे अधिक परेशानी मरीजों, महिलाओं व बच्चों को हुयी.

वाहनों की धीमी रफ्तार से स्थिति और बिगड़ी

राहगीरों ने बताया कि पुल पर वाहनों की धीमी रफ्तार और अव्यवस्थित परिचालन के कारण स्थिति बिगड़ती चली गयी. जाम के कारण भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन प्रभावित रहा. राहगीरों का कहना है कि पुल पर जाम अब नियमित समस्या बनती जा रही है. लोगों ने जिला प्रशासन से पुल पर स्थायी ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था करने, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने तथा भारी वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करने की मांग की. स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम की समस्या का समाधान केवल अस्थायी व्यवस्था से संभव नहीं है. पुल पर लगातार निगरानी और समन्वित यातायात व्यवस्था की आवश्यकता है ताकि यात्रियों को राहत मिल सके.

सुरक्षा कर्मियों की कमी से बढ़ रही परेशानी

विक्रमशीला पुल पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती नहीं होने का आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया है. लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन द्वारा पुल पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति नहीं की गई है. कई स्थानों पर निजी कर्मियों के भरोसे व्यवस्था संचालित की जा रही है. वहीं मामले को लेकर ट्रैफिक थानाध्यक्ष ने बताया कि शहर में बढ़ती जाम की स्थिति को देखते हुये पुल से जिला प्रशासन की ओर से तैनात जवानों को कम किया गया है. हालांकि, जल्द ही पुल पर और जवान को तैनात कर दिया जायेगा.

ALSO READ: NEET Exam के दिन PMCH में बड़ा मामला, 47 छात्र अनुपस्थित, 24 घंटे में सबूत के साथ हाजिर होने का अल्टीमेटम, 37 बिना सूचना गायब