bhagalpur news. सुजागंज कार्मिक संघ ने जर्जर बिजली व्यवस्था के खिलाफ किया अनोखा विरोध-प्रदर्शन

सुजागंज कार्मिक संघ ने भागलपुर के ऐतिहासिक एवं प्रमुख व्यापारिक केंद्र सुजागंज बाजार में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था, जर्जर विद्युत पोल एवं विभागीय लापरवाही के विरोध में अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया

By ATUL KUMAR | May 15, 2026 12:54 AM

सुजागंज कार्मिक संघ ने भागलपुर के ऐतिहासिक एवं प्रमुख व्यापारिक केंद्र सुजागंज बाजार में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था, जर्जर विद्युत पोल एवं विभागीय लापरवाही के विरोध में अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया. बाजार क्षेत्र के विभिन्न बिजली पोलों पर चेतावनी एवं व्यंग्यात्मक पोस्टर लगाकर बिजली विभाग का ध्यान आम जनता एवं व्यापारियों की समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया. प्रदर्शन में लगाए गए पोस्टरों पर मैं कभी भी दुर्घटनाग्रस्त हो सकता हूं, मैं तो अभी से जंग खा रहा हूं, मैं अब किसी काम का नहीं, बिजली विभाग को संदेश : गेट वेल सून जैसे संदेश लिखे गए, जो बाजार की बदहाल और खतरनाक बिजली अवसंरचना की वास्तविक स्थिति को दर्शाता है. संघ के सदस्यों ने कहा कि सुजागंज बाजार में हजारों दुकानें संचालित हैं और प्रतिदिन करोड़ों रुपये का व्यापार होता है. इसके बावजूद यहां वर्षों पुराने जर्जर पोल, उलझे हुए तार, ओवरलोडेड लाइनें एवं बार-बार ट्रिपिंग जैसी गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं. व्यापारियों एवं आम नागरिकों के बीच हर समय दुर्घटना, करंट लगने एवं अग्निकांड का भय बना रहता है. सुजागंज कार्मिक संघ के अध्यक्ष प्रतीक झुनझुनवाला ने प्रशासन एवं बिजली विभाग से मांग की है कि बाजार क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कर जर्जर पोलों एवं तारों को अविलंब बदला जाए तथा भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से पूर्व स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए. संघ ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जायेगा.