Bhagalpur News. मारवाड़ी कॉलेज के विद्यार्थियों को जून तक मिलेगा कॉमन रूम, 70 लाख से होगा निर्माण

मारवाड़ी कॉलेज के विद्यार्थियों को जून से मिलेगा कॉमन रूम.

By KALI KINKER MISHRA | March 6, 2026 9:19 PM

प्राचार्य और इंजीनियरों की टीम ने स्थल का किया चयन, रूसा फंड से संवरेगा छात्रों का कोनामारवाड़ी कॉलेज में लंबे समय से प्रतीक्षित कॉमन रूम का निर्माण अब धरातल पर उतरने जा रहा है. जून से पहले विद्यार्थियों को व्यवस्थित कॉमन रूम मिल जायेगा. इसके लिए शुक्रवार को बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम के इंजीनियरों की टीम के साथ कॉलेज के प्राचार्य डॉ संजय कुमार झा ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर उसे चिह्नित किया.

रूसा फंड से होगा भव्य निर्माण

इस परियोजना का निर्माण रूसा के फंड से किया जा रहा है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 70 लाख रुपये है. प्राचार्य ने बताया कि कॉमन रूम का निर्माण कॉलेज के महिला प्रभाग के ठीक सामने और निर्माणाधीन नयी लाइब्रेरी के समीप किया जायेगा. इंजीनियरों ने प्राचार्य को भवन के डिजाइन और ले-आउट के बारे में विस्तार से जानकारी दी है. निर्माण कार्य शुरू करने के लिए ले-आउट की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है.

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा भवन

–एक विशाल हॉल–बैठने के लिए अलग कमरे–आधुनिक बाथरूम और अन्य बुनियादी सुविधाएं

कुलपति करेंगे शिलान्यास

प्राचार्य डॉ संजय कुमार झा ने बताया कि नये भवन की नींव रखने के लिए जल्द ही शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. इसके लिए टीएमबीयू के कुलपति प्रो विमलेंदु शेखर झा को आमंत्रण भेजा जायेगा. उनके द्वारा ही इस कार्य का शुभारंभ होगा.

छात्राओं के लिए भी विशेष व्यवस्था

सिर्फ छात्र ही नहीं, बल्कि छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया है. प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि छात्राओं के लिए मारवाड़ी कॉलेज के मुख्य भवन के भीतर ही एक सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान चिह्नित किया गया है. वहां कॉमन रूम बनाया जायेगा, ताकि छात्राओं को सुरक्षा के लिहाज से किसी प्रकार की असुविधा न हो.