भागलपुर के छह कोल ब्लॉकों की जल्द होगी नीलामी, तैयारी में जुटा प्रशासन

भागलपुर जिले में स्थित छह कोयला ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है. इन ब्लॉकों में 9,217 मिलियन टन से अधिक कोयला होने का अनुमान है.

By SANJEEV KUMAR JHA | June 3, 2026 9:21 AM

भागलपुर : भागलपुर जिले में स्थित छह कोयला ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है. इन ब्लॉकों में 9,217 मिलियन टन से अधिक कोयला होने का अनुमान है, जो ताप विद्युत संयंत्रों और अन्य औद्योगिक इकाइयों के लिए बेहद उपयुक्त है.

कहलगांव और पीरपैंती में स्थित हैं ब्लॉक

खान एवं भू-तत्व सचिव अनवीश कुमार ने बताया कि सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट, रांची द्वारा खोजे गये इन छह ब्लॉकों में से एक कहलगांव में और शेष पांच पीरपैंती क्षेत्र में स्थित हैं. इन कोल ब्लॉकों के नाम मिर्जागांव नार्थ, मिर्जागांव साउथ, राजगांव नार्थ, राजगांव साउथ, मंदार पर्वत और लक्ष्मीपुर हैं.

पूर्व में नहीं मिली थी सफलता

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई हालिया उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में इन ब्लॉकों की नीलामी और निवेशकों की भागीदारी पर चर्चा की गई. बैठक में जानकारी दी गई कि केंद्र सरकार द्वारा पूर्व में इनके लिए ई-नीलामी प्रक्रिया शुरू की गयी थी, लेकिन 2024 में हुई नीलामी में किसी भी बोलीदाता के हिस्सा न लेने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी थी.

निवेशकों को लुभाने की कवायद

इस बार कोयला और खान मंत्रालय नीलामी की व्यापक तैयारी कर रहे हैं. मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राज्य में संचालित ताप विद्युत संयंत्रों और सार्वजनिक उपक्रमों को नीलामी में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाये. साथ ही, व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने और अन्य राज्यों में कार्यरत कोयला खनन कंपनियों को भी बिहार के इन ब्लॉकों में निवेश के लिए आमंत्रित करने को कहा गया है.