bhagalpur news. अवैध खनन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध पुलिस सख्त, 24 ट्रक जब्त

ओवरलोडिंग और अवैध खाने के खिलाफ भागलपुर पुलिस एक्शन मोड में आ गयी है

By ATUL KUMAR | February 5, 2026 12:35 AM

ओवरलोडिंग और अवैध खाने के खिलाफ भागलपुर पुलिस एक्शन मोड में आ गयी है. मंगलवार की रात एसएसपी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में चलाया गये अभियान में विभिन्न थाना क्षेत्रों से पुलिस ने 24 ट्रकों को जब्त किया है. पुलिस ने औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र से आठ, शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र से दो, सबौर थाना क्षेत्र से दो, कहलगांव से चार, लोदीपुर से दो, जगदीशपुर से दो, सजौर से दो, बाथ थाना क्षेत्र से एक, बरारी थाना क्षेत्र से एक ट्रक को जब्त कर लिया है. जानकारी मिली कि पुलिस ने मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात को एसएसपी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की थी. इस दौरान नियमों का पालन न करने वाले ट्रकों को रोक कर सघन तलाशी ली गयी और अवैध रूप से खनिज पदार्थों का परिवहन करते हुए बिना किसी चालान के वाले ट्रकों और ओवरलोड ट्रकों को पुलिस ने मौके पर ही जब्त कर लिया. सभी वाहनों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने बताया कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा. मालूम हो कि जगदीशपुर, गोराडीह में इन दिनों अवैध बालू की ढुलाई एवं भंडारण करने की सूचना इन दिनों आ रही है तो दूसरी तरफ बायपास ओवरब्रिज के पास भी जुगाड़ गाड़ी से बालू की अवैध ढुलाई सुबह के समय खुलेआम हो रही है. शहर वासियों ने पुलिस ने निरंतर अभियान चलाने की मांग की है.