Bhagalpur news पोखरिया चौक पर प्लॉटरकी गोली मारकर हत्या

गोपालपुर थाना क्षेत्र के पोखरिया चौक पर बुधवार की रात अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी.

By JITENDRA TOMAR | June 3, 2026 11:40 PM

गोपालपुर थाना क्षेत्र के पोखरिया चौक पर बुधवार की रात अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी. मृतक की पहचान पोखरिया के श्याम साह के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी और लोगों की भीड़ जुट गयी. जानकारी के अनुसार श्याम साह बुधवार की रात पोखरिया चौक के पास मौजूद थे. इस दौरान पहले से घात लगाये अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गये

गोली चलने की आवाज सुन कर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और इसकी सूचना गोपालपुर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल श्याम साह को तत्काल इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा. अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया , किंतु इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. मृतक श्याम साह जमीन की खरीद-बिक्री और प्लॉटिंग करते थे. उनकी हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है. हालांकि जमीन कारोबार से जुड़े होने से पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पोखरिया चौक पर हुई इस हत्या की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. गोपालपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान में जुटी है.

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी भवेश शर्मा घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जांच की. इस संबंध में उन्होंने बताया कि श्याम साह मकई खेत से वापस घर लौट रहे थे. इस दौरान बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी. उसके सिर पर गोली लगी है. गोली मारने के पश्चात सभी फरार हो गये. पुलिस सभी बिंदुओ पर जांच कर रही है. हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गयी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जायेगा.