भागलपुर के गोपालपुर में भीषण गर्मी से बेहाल लोग, दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा
Heat Wave Alert : भागलपुर के गोपालपुर समेत आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है. लोग अब राहत के लिए मानसून का इंतजार कर रहे हैं.
By AMIT KR SINHA |
June 3, 2026 11:53 AM
गोपालपुर, भागलपुर से विपिन ठाकुर की रिपोर्ट
Bhagalpur News : भागलपुर जिले के गोपालपुर प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी ने आम लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हैं. दोपहर के समय बाजार, सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है. बढ़ते तापमान का असर जनजीवन के साथ-साथ स्वास्थ्य, रोजगार और पेयजल व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है.
मजदूरों और किसानों पर सबसे ज्यादा मार
भीषण गर्मी का सबसे अधिक असर मजदूरों, किसानों, रिक्शा चालकों और फुटपाथी दुकानदारों पर पड़ रहा है. रोजी-रोटी की मजबूरी में उन्हें चिलचिलाती धूप के बीच काम करना पड़ रहा है. तेज गर्मी के कारण उनकी कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा भी बढ़ गया है.
बढ़ी पानी और बिजली की मांग
तापमान में लगातार वृद्धि के साथ क्षेत्र में बिजली और पेयजल की मांग भी बढ़ गई है. कई गांवों में लोग पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के कारण पानी की खपत बढ़ गई है, जिससे जल स्रोतों पर दबाव बढ़ गया है. वहीं बिजली की बढ़ती खपत के कारण लोगों को निर्बाध आपूर्ति की चिंता भी सता रही है.
पशु-पक्षी भी गर्मी से परेशान
मानव जीवन के साथ-साथ पशु-पक्षियों पर भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है. जल स्रोत सूखने और तापमान बढ़ने के कारण पशु-पक्षी पानी की तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं. कई स्थानों पर लोग पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था भी कर रहे हैं.
डॉक्टरों ने जारी की सावधानी की सलाह
गोपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. सुधांशु कुमार ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण लू, डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि जरूरी होने पर ही बाहर निकलें और सिर को सूती गमछे या छाते से ढककर रखें.
बारिश का इंतजार, राहत की उम्मीद
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. लोग अब मानसून की पहली बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं ताकि भीषण गर्मी से राहत मिल सके. प्रशासन ने भी लोगों से हीट वेव से बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
...