मायागंज सर्जरी वार्ड में दूसरे दिन भी दहशत में रहे मरीज, आंधी-पानी से बढ़ी चिंता

Storm Fear in Hospital : मायागंज अस्पताल के सर्जरी वार्ड में भर्ती मरीज दूसरे दिन भी डर और दहशत के माहौल में इलाज कराने को मजबूर रहे. तेज आंधी और बारिश के बीच मरीजों को सोमवार रात हुए नुकसान की याद सताती रही.

By AMIT KR SINHA | May 27, 2026 10:48 AM

भागलपुर से अतुल तिवारी की रिपोर्ट

मायागंज अस्पताल के सर्जरी विभाग में मौसम का असर लगातार दूसरे दिन भी देखने को मिला. मंगलवार देर रात जैसे ही तेज हवा और बारिश शुरू हुई, मरीजों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ गयी. सोमवार रात हुए नुकसान के बाद लोग पहले से ही डरे हुए थे.

सोमवार के तूफान ने मचा दी थी अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात आए तेज तूफान में सर्जरी विभाग की एक दीवार क्षतिग्रस्त हो गयी थी. वहीं कई खिड़कियों के कांच टूट गए थे. अचानक कांच टूटने की आवाज और तेज हवा के कारण वार्ड में अफरा-तफरी मच गयी थी.कांच के टुकड़े वार्ड और आसपास के हिस्सों में फैल गए थे, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी हुई थी. घटना के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच डर का माहौल बना हुआ है.

तेज हवा शुरू होते ही बढ़ जाती है चिंता

मंगलवार रात फिर मौसम खराब होने और तेज हवा चलने पर मरीजों की बेचैनी बढ़ गयी. कई मरीजों ने बताया कि जैसे ही हवा तेज चलती है, उन्हें फिर किसी हादसे का डर सताने लगता है. परिजन भी रातभर जागकर मरीजों की देखभाल करते रहे.

मरीजों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की

सर्जरी वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से क्षतिग्रस्त हिस्सों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि इलाज के साथ-साथ सुरक्षित माहौल मिलना भी जरूरी है. उनका कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो तेज आंधी में बड़ा हादसा हो सकता है.

अस्पताल प्रशासन रख रहा नजर

अस्पताल प्रशासन की ओर से बताया गया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि मरीजों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके.