bhagalpur news. विक्रमशिला सेतु और सीएम के कार्यक्रम स्थलों का अधिकारियों ने लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित अभियंताओं एवं कार्य एजेंसियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया.

By NISHI RANJAN THAKUR | May 31, 2026 12:33 AM

प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा एवं पुलिस महानिरीक्षक, भागलपुर पूर्वी क्षेत्र विवेक कुमार ने जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी व एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के साथ विक्रमशिला सेतु पुनर्स्थापना कार्य के तहत निर्माणाधीन बेली ब्रिज का गहन निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित अभियंताओं एवं कार्य एजेंसियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया. इसके बाद अधिकारियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित भागलपुर दौरे को लेकर विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आगंतुकों की सुविधाएं, मंच व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों की समीक्षा की गयी. आयुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जायें. उन्होंने विधि-व्यवस्था के प्रभावी संधारण के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने का भी निर्देश दिया. जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है. सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं और कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को आवश्यक निर्देश दिये जा चुके हैं. बेली ब्रिज से हटायी गयी डेक प्लेट विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर तैयार किये जा रहे पहले बेली ब्रिज पर लगायी गयी डेक (प्लेट) को शनिवार को हटा दिया गया. हालांकि इसे हटाने के कारणों को लेकर पुल निर्माण निगम के अधिकारियों ने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. डेक प्लेट दोबारा लगने के बाद ही इस हिस्से से वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकेगी. वहीं, पुल निर्माण निगम के एमडी ने भी बेली ब्रिज का निरीक्षण किया है.