bhagalpur news. विक्रमशिला सेतु हादसे के बाद एनएच के कार्यपालक अभियंता निलंबित

भागलपुर में उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण विक्रमशिला सेतु के धराशायी होने के मामले में बिहार सरकार ने त्वरित और बड़ी कार्रवाई की है.

By NISHI RANJAN THAKUR | May 4, 2026 10:34 PM

भागलपुर में उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण विक्रमशिला सेतु के धराशायी होने के मामले में बिहार सरकार ने त्वरित और बड़ी कार्रवाई की है. पथ निर्माण विभाग ने प्रथम दृष्टया लापरवाही बरतने के आरोप में राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, भागलपुर के कार्यपालक अभियंता साकेत कुमार रौशन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. पथ निर्माण विभाग के उप सचिव द्वारा जारी इस अधिसूचना ने स्पष्ट कर दिया है कि बुनियादी ढांचे की सुरक्षा में कोताही बरतने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जायेगा. सक्षम प्राधिकार के अनुमोदन के बाद राज्यपाल के आदेश से यह कार्रवाई सुनिश्चित की गयी है. रविवार रात करीब 1.15 बजे पुल के गिरने की घटना के बाद विभाग ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की. समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि पुल के रख-रखाव और नियमित अनुश्रवण की जिम्मेदारी एनएच प्रमंडल, भागलपुर की थी. विभाग ने माना कि कार्यपालक अभियंता साकेत कुमार रौशन की अपने कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता के कारण यह बड़ा हादसा हुआ. निलंबन की अवधि के दौरान उनका मुख्यालय अभियंता प्रमुख (मुख्यालय), पथ निर्माण विभाग, पटना तय किया गया है. नियमानुसार उन्हें इस अवधि के दौरान जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा.