सुलतानगंज में ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में मेडिकल दुकानें रहीं बंद, मरीज रहे परेशान
Bhagalpur News :सुलतानगंज के बाजारों में बुधवार को मरीजों के लिए दवा खरीदना मुश्किल हो गया. ऑनलाइन दवा बिक्री और ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म के विरोध में मेडिकल दुकानदारों ने अपनी दुकानों की शटर गिरा दी, जिससे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सुलतानगंज, भागलपुर से डबलू की रिपोर्ट : ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (AIOCD) के आह्वान पर सुलतानगंज के सभी मेडिकल स्टोर बंद रहे. दुकानदारों ने बाजार में एकजुट होकर प्रदर्शन किया और सरकार से अपील की कि बिना प्रिस्क्रिप्शन और पर्याप्त निगरानी के ऑनलाइन दवा बिक्री को तुरंत रोका जाये.
ऑनलाइन दवा बिक्री मरीजों की सुरक्षा के लिए खतरा
दवा दुकानदार राजेश कुमार उर्फ राजू ने बताया, ऑनलाइन दवा बिक्री मरीजों की सुरक्षा के लिए खतरा है. यही वजह है कि हम सभी मेडिकल दुकानदार एकजुट होकर विरोध कर रहे हैं.मरीजों को हुई परेशानी
दुकान बंद रहने के कारण मरीज और उनके परिजन इधर-उधर भटकते नजर आए. बुजुर्ग, बच्चे और नियमित दवा लेने वाले मरीजों को सबसे अधिक परेशानी हुई. कई लोगों को अपने जरूरी दवाइयां लेने के लिए पड़ोसी इलाकों तक जाना पड़ा.
दुकानदारों की मांगें
मेडिकल दुकानदारों का कहना है कि ई-फार्मेसी और ऑनलाइन दवा बिक्री छोटे स्टोर के व्यवसाय को प्रभावित कर रही है. वे चाहते हैं कि सरकार ऐसे कड़े नियम लागू करे जो पारंपरिक मेडिकल दुकानों के हित की रक्षा करें और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करें.ऑनलाइन दवा बिक्री से मरीजों की जान खतरे में
दुकानदारों ने जोर देकर कहा कि “मरीजों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है. अगर ऑनलाइन दवा की बिक्री खुली रही तो मरीजों की जान खतरे में पड़ सकती है.”
