Bhagalpur, प्रमोशन सहित मामला अटका, नये कुलपति का इंतजार

प्रमोशन सहित मामला अटका, नये कुलपति का इंतजार

By MANISH KUMAR | May 9, 2026 11:47 AM

भागलपुर से आरफीन की रिपोर्ट,

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में नये कुलपति के इंतजार में शिक्षकों का प्रमोशन सहित कई जरूरी कार्य अटक गया है. ऐसे में प्रमाेशन नहीं मिलने से विवि के शिक्षकों में निराशा है. साथ ही लंबे समय से प्रमोशन नहीं मिलने पर शिक्षकों ने नाराजगी जतायी है. बताया जा रहा कि मधेपुरा विवि के नियमित कुलपति प्रो विमलेंदु शेखर झा टीएमबीयू में प्रभारी कुलपति है. बता दें कि 22 अगस्त 2025 को पूर्व कुलपति प्रो जवाहर लाल का तीन साल का कार्यकाल पूरा हो गया था. उनके बाद प्रो विमलेंदु शेखर झा टीएमबीयू के प्रभारी कुलपति है.

प्रमोशन को लेकर थी तैयारी –

टीएमबीयू में प्रमोशन को लेकर तैयारी लगभग पूरी कर ली गयी थी. बताया जा रहा कि चयन समिति भी तय कर लिया गया था. इसी माह में शिक्षकों के प्रमोशन को लेकर प्रक्रिया होनी थी. इस बाबत लोकभवन से पत्र जारी कर टीएमबीयू सहित सूबे के विश्वविद्यालयों के कार्यवाहक कुलपति से कहा गया कि प्रमोशन, स्थानांतरण, वित्तीय कार्य, नीतिगत निर्णय, नये कार्य, प्रतिनियुक्ति सहित अन्य कार्य नहीं कर सकते. केवल रूटीन वर्क करेंगे. महत्वपूर्ण कार्य होने पर लोकभवन से आदेश लेने के बाद ही कार्य कर सकते है. लोकभवन के आदेश के बिना कोई कार्य व निर्णय नहीं ले सकते हैं.

शिक्षकों ने कहा, लंबे समय से प्रमोशन नहीं मिला –

पीजी व कॉलेजों में कार्यरत शिक्षकों ने नाम नहीं छापने के शर्त पर बताया कि लंबे समय से शिक्षकों को प्रमोशन नहीं दिया गया है. नियमानुसार वर्ष 2017 में ही प्रमोशन मिल जाना था. लेकिन अबतक विवि से प्रमोशन नहीं दिया गया. बार-बार विवि के वरीय अधिकारी से मिलने पर प्रमोशन संबंधित केवल आश्वासन ही मिलता रहा है. उन्होंने बताया कि टीएमबीयू को नये कुलपति नहीं मिल जाता है. उनलोगों का प्रमोशन की प्रक्रिया अटकी रहेगी. शिक्षकों ने विवि प्रशासन से आग्रह किया कि जल्द से जल्द शिक्षकों को प्रमोशन दिया जाये.