लैलख स्टेशन के पास हथियार के साथ जुटे अपराधी, जीआरपी ने दबोचा
कहलगांव-भागलपुर रेलखंड के लैलख रेलवे स्टेशन के पास बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे लैलख गिरोह के पांच सदस्यों को जीआरपी ने हथियार के साथ गिरफ्तार किया है.
By BRAJESH NANDAN MAD |
May 23, 2026 9:13 AM
भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट
भागलपुर. कहलगांव-भागलपुर रेलखंड के लैलख रेलवे स्टेशन के पास बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे लैलख गिरोह के पांच सदस्यों को जीआरपी ने हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधी किसी बड़ी लूट की योजना को अंजाम देने के लिए एक जगह जमा हुए थे. घटना शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह करीब पांच बजे के बीच की बतायी जा रही है.भागलपुर जीआरपी थाना अध्यक्ष नसीम अहमद को गुप्त सूचना मिली थी कि लैलख गिरोह के सदस्य किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं. सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और इसके बाद लैलख रेलवे स्टेशन के पास छापेमारी की गयी. कार्रवाई के दौरान गिरोह के पांच कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया.जीआरपी ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक रिवॉल्वर, कई कारतूस समेत अन्य हथियार बरामद किये हैं. बताया जा रहा है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी के लिए जीआरपी कई दिनों से घेराबंदी कर रही थी, लेकिन अपराधी लगातार पुलिस को चकमा दे रहे थे.थाना अध्यक्ष नसीम अहमद ने बताया कि सभी गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है. वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद जमालपुर से रेल एसपी के भागलपुर पहुंचने की सूचना है.
...