ब्रेकिंग : दूसरे बेली ब्रिज का गार्डर लॉन्च, निर्माण अंतिम चरण में

पहले बेली ब्रिज का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद अब दूसरे बेली ब्रिज का निर्माण भी अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है.

By SANJEEV KUMAR JHA | May 24, 2026 12:17 PM

भागलपुर से संजीव झा की रिपोर्ट :

विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद आवागमन को दोबारा बहाल करने की दिशा में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई है. सेतु पर बेली ब्रिज बनाने का काम बेहद तेज गति से चल रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, पहले बेली ब्रिज का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद अब दूसरे बेली ब्रिज का निर्माण भी अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है. इसका गार्डर सेतु के दूसरे कमजोर स्पैन पर लॉन्च कर दिया गया है. अब इस पर प्लेट बिछाने का काम शुरू किया जायेगा, जिसके बाद यह पूरी तरह आम लोगों के चलने योग्य हो जायेगा. जिला प्रशासन ने जून के पहले सप्ताह से सेतु पर आवागमन दोबारा बहाल कराने का लक्ष्य तय किया है.

3 मई को टूट गया था स्पैन, भंग हुआ संपर्क

गौरतलब है कि बीते 3 मई की रात विक्रमशिला सेतु का एक स्पैन टूट कर गंगा नदी में समा गया था. इस बड़े हादसे के बाद से भागलपुर का कोसी और सीमांचल के कई जिलों से सीधा सड़क मार्ग संपर्क पूरी तरह भंग हो गया था. तब से लेकर अब तक इस रूट पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप है.

भीषण गर्मी में नाव का सफर बना मजबूरी, लोग हो रहे बीमार

सड़क मार्ग बंद होने के कारण पिछले कई दिनों से लोग जान जोखिम में डालकर नाव और जहाज के जरिए गंगा नदी पार करने को मजबूर हैं. क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच नाव का यह सफर आम लोगों के लिए बेहद दुरूह और कष्टदायक साबित हो रहा है. नदी पार करने के दौरान तपती धूप और उमस के कारण कई यात्रियों के बीमार होने की खबरें भी सामने आ रही हैं. ऐसे में बेली ब्रिज का निर्माण पूरा होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी.