Bhagalpur News. पाइपलाइन कटने से दो लाख से अधिक आबादी के बीच पेयजल संकट गहराया

जलसंकट गहराया.

By KALI KINKER MISHRA | March 1, 2026 12:44 AM

-नगर निगम प्रशासन की ओर से आदमपुर, मुंदीचक समेत अन्य मोहल्ले में टैंकर से की गयी जलापूर्ति, पानी के लिए होती रही मारामारी

सिल्क सिटी में गर्मी की दस्तक के साथ ही जल संकट शुरू हो गया है. पहले गंगा का जलस्तर दूर होने व गंगा में नाला के पानी की मात्रा बढ़ने ने मुंदीचक, आदमपुर व आसपास मोहल्ले में लाल-हरा पानी आ रहा था और अब एमजी रोड पर पाइपलाइन कटने के कारण पूरी तरह से जलापूर्ति ठप हो गयी. इससे दो लाख की आबादी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है. हालांकि लोगों की लगातार मांग पर नगर निगम की ओर से पानी टैंकर भेजा गया, जो कि पर्याप्त नहीं रहा और दिनभर पानी के लिए मारामारी की स्थिति बनी रही.

12 वार्डों में चार लाख से अधिक आबादी के बीच होती है वाटर वर्क्स से जलापूर्ति

नगर निगम के अंतर्गत 12 वार्डों में चार लाख से अधिक आबादी के बीच वाटर वर्क्स से जलापूर्ति हो रही है. लोगों ने बताया कि पहले ही पानी गंदा आ रहा था और अब पानी आना बंद हो गया है. गर्मी ने दस्तक दे दी है. वार्ड 23 अंतर्गत आदमपुर चौक निवासी दशरथ प्रसाद ने बताया कि उनके यहां पिछले 72 घंटे से पानी नहीं आ रहा है. आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को पानी के लिए अपना पंप नहीं है. आठ मोहल्ले आदमपुर, मुंदीचक, भीखनपुर, पटल बाबू रोड, घंटाघर, त्रिमूर्ति चौक आदि में दो लाख से अधिक आबादी के बीच पानी को लेकर घोर संकट है. रमजान व होली का त्योहार है. पर्व-त्योहार में पानी संकट से सारा मजा किरकिरा कर दिया. मुंदीचक के मुन्ना साह ने बताया कि दो माह पहले इस क्षेत्र में बराबर बदबू वाला हरा पानी आ रहा था. अब ठीक हुआ, तो पानी आना ही बंद हो गया. आदमपुर घाट रोड निवासी कुमार गौरव ने बताया कि वे लॉज में रहते हैं. यहां सप्लाई का पानी ही सहारा है. दुर्गा पूजा के बाद से ही गंदा पानी आ रहा था. पानी साफ आना शुरू हुआ और गर्मी आ गयी, तो जलापूर्ति ठप है. .

इन वार्डों में होती है जलापूर्ति

शहर के 24, 25, 26, 28, 29, 19, 22, 23, 18, 36, 20, 21 वार्ड में वाटर वर्क्स जलापूर्ति होती है. अधिक ब्लिचिंग का इस्तेमाल करने से हरे रंग से बदलकर थोड़ा साफ हुआ है. बड़ी खंजरपुर के प्रणव कुमार ने बताया कि पानी पीने लायक नहीं है. एक दिन पानी रखने पर तुरंत कीड़ा हो जाता है.

कोट:-

दो दिन से पाइपलाइन को ठीक कराने का काम चल रहा है. 16 इंच का पाइपलाइन फटने से ऐसी स्थिति हुई. सुबह ठीक हुआ था, लेकिन फिर लिकेज हो गया. फिलहाल जलापूर्ति के लिए टैंकर भेजा रहा है.

वशिष्ठ नारायण चौधरी, जलकल शाखा प्रभारी, नगर निगम