bhagalpur news. सजौर में आपत्तिजनक सामान ले जाने के क्रम में विवाद, पुलिस के साथ धक्कामुक्की, 20 नामजद व बीस अज्ञात पर केस दर्ज

सजौर में तनाव.

By KALI KINKER MISHRA | May 30, 2026 12:55 AM

– पुलिस ने दोनों पक्ष के पांच लोगों को लिया हिरासत में, गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती सजौर थाना क्षेत्र के राधानगर गांव में आपत्तिजनक सामान वाहन से फेंकने ले जाने के क्रम मे दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया. दोनों पक्षों से लोग आमने-सामने हो गये. सूचना पाकर सजौर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और आसपास के पांच थानों से पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया.

जानकारी के अनुसार एक पक्ष के लोग पिकअप वाहन से आपत्तिजनक सामान लेकर राधानगर दक्षिण टोला के रास्ते से जा रहे थे. दूसरे पक्ष के लोगों की नजर आपत्तिजनक सामान पर पड़ी तो वे आगबबूला हो गये और विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों से बड़ी संख्या में लोग जुटे गये. आक्रोशित एक पक्ष लोगों ने पुलिस के साथ धक्कामुक्की भी की.

विवाद के बाद दंडाधिकारी रामयश मंडल के बयान पर दोनों पक्ष से बीस नामजद व बीस अज्ञात लोगों के विरुद्ध पुलिस के साथ धक्कामुक्की, अभद्र व्यवहार व सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने सहित कई अन्य आरोप में केस दर्ज किया गया है. सजौर पुलिस ने एक पक्ष से तीन और दूसरे पक्ष से दो लोगों को हिरासत में लिया है.

विवाद के बाद डीएसपी नवनीत कुमार, सीओ हर्षा कोमल ने दोनों पक्ष के लोगों के साथ शांति कायम करने को लेकर बैठक की गई. हालांकि बैठक में दोनों पक्ष से लोगों की उपस्थिति काफी कम रही. गांव में तनाव कायम है और पुलिस बल की तैनाती की गई है.वहीं पुलिस ने आपत्तिजनक सामान ले जा रहे पिक अप को जब्त किया है.

एक पक्ष के लोगों ने पुलिस पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है. इस मारपीट की घटना में एक पक्ष से दस लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है. थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने बताया कि बीस नामजद पर केस दर्ज किया गया है पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है.राधानगर मे पुलिस बल की तैनाती की गई है शांति कायम है.